आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ‘दिव्यांग शक्ति’ योजना की शुरुआत करेंगे
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू बुधवार को ‘दिव्यांग शक्ति’ योजना की शुरुआत करेंगे। इस योजना के तहत दिव्यांगों को मुफ्त बस यात्रा की सुविधा मिलेगी। एक आधिकारिक बयान के मुताबिक उगादी उत्सव के लिए एक विशेष उपहार के रूप में पेश की गई।
अमरावती, भाषा। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू बुधवार को ‘दिव्यांग शक्ति’ योजना की शुरुआत करेंगे। इस योजना के तहत दिव्यांगों को मुफ्त बस यात्रा की सुविधा मिलेगी। एक आधिकारिक बयान के मुताबिक उगादी उत्सव के लिए एक विशेष उपहार के रूप में पेश की गई ‘दिव्यांग शक्ति’ योजना सामाजिक समानता, गतिशीलता और ‘अंतिम छोर तक गरिमापूर्ण सेवा’ पर केंद्रित है। इस संबंध में मंगलवार को जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया,‘‘नायडू ‘दिव्यांग शक्ति’ योजना की शुरुआत करेंगे, जिसके तहत पूरे राज्य भर के दिव्यांग व्यक्तियों को मुफ्त बस यात्रा की सुविधा दी जाएगी।
इसे नए वित्त वर्ष से पहले एक प्रमुख समावेशी पहल के रूप में लागू किया जा रहा है।’’ विज्ञप्ति के मुताबिक नायडू इस योजना की शुरुआत पूरी तरह से नए सिरे से बसाई जा रही राजधानी अमरावती में करेंगे। योजना की शुरुआत करने के बाद मुख्यमंत्री वरिष्ठ नेताओं के साथ आंध्र प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (एपीएसआरटीसी) की बसों में लाभार्थियों के साथ यात्रा करेंगे।
इसमें कहा गया कि मुख्यमंत्री दिव्यांग व्यक्तियों के लिए सामुदायिक भोज का भी आयोजन करेंगे। विज्ञप्ति के मुताबिक ‘दिव्यांग शक्ति’ योजना से 12.76 लाख से अधिक व्यक्तियों के लाभान्वित होने की उम्मीद है, जिनमें 11.16 लाख दिव्यांग व्यक्ति और उनके सहायक शामिल हैं। बयान में दावा किया गया कि यह योजना भारत में दिव्यांगों के लिए राज्य द्वारा संचालित सबसे बड़े गतिशीलता सहायता कार्यक्रमों में से एक बन होगी।

