तिरुवनंतपुरम मेडिकल कॉलेज के आईसीयू में लगी आग, कोई हताहत नहीं
तिरुवनंपुरम के सरकारी मेडिकल कॉलेज के मल्टी-स्पेशियलिटी ब्लॉक के एक हिस्से में आग लग गई। गनीमत यह रही कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
तिरुवनंतपुरम, भाषा। तिरुवनंपुरम के सरकारी मेडिकल कॉलेज के मल्टी-स्पेशियलिटी ब्लॉक के एक हिस्से में आग लग गई। गनीमत यह रही कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। अस्पताल प्राधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सर्जिकल गहन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू) में जीवन रक्षक उपकरण ‘वेंटिलेटर’ में शॉर्ट सर्किट होने के कारण आग लगी। उन्होंने बताया कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ और इमारत की पहली मंजिल पर स्थित सर्जिकल आईसीयू से मरीजों को सुरक्षित निकाल लिया गया।
राज्य की स्वास्थ्य मंत्री वीणा जॉर्ज ने कहा कि वेंटिलेटर में शॉर्ट सर्किट कैसे हुआ, इसकी जांच की जाएगी। उन्होंने बताया कि सर्जिकल आईसीयू में 32 मरीज भर्ती थे और उन सभी को सुरक्षित निकाल लिया गया। मंत्री ने बताया, ‘‘चिकित्सकों और नर्सों सहित अस्पताल के कर्मचारियों ने ऐसी घटनाओं के लिए निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार कार्रवाई की। उन्होंने आवश्यकतानुसार अन्य मंजिलों से भी मरीजों को निकाला।’’ जॉर्ज ने बताया कि विद्युत निरीक्षकों ने अस्पताल का निरीक्षण किया है और कहा है कि कोई अन्य समस्या नहीं है।
इससे पहले, मरीजों के परिवार वालों ने मीडिया को बताया था कि अस्पताल में बहुत धुआं था। तिरुवनंतपुरम नगर निगम के महापौर वी.वी. राजेश अस्पताल पहुंचे और उन्होंने बताया कि जानकारी के अनुसार आग पर काबू पा लिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ और सभी लोग सुरक्षित हैं। महापौर ने बताया कि सभी वेंटिलेटर्स का भी निरीक्षण किया जा रहा है। दमकल अधिकारियों ने बताया कि अस्पताल में धुआं था, लेकिन अब वह समाप्त हो गया है।

