नौकरी के बदले नकदी घोटाले की आरोपी के दावे की जांच की जा रही : गोवा पुलिस

नेशनल एक्सप्रेस डिजिटल डेस्क
On

गोवा पुलिस की अपराध शाखा ने बृहस्पतिवार को कहा कि नौकरी के बदले नकदी घोटाले की आरोपी पूजा नाइक द्वारा लगाए गए आरोपों के प्रत्येक पहलू की ‘‘सावधानीपूर्वक जांच’’ की जा रही है।

पणजी, भाषा। गोवा पुलिस की अपराध शाखा ने बृहस्पतिवार को कहा कि नौकरी के बदले नकदी घोटाले की आरोपी पूजा नाइक द्वारा लगाए गए आरोपों के प्रत्येक पहलू की ‘‘सावधानीपूर्वक जांच’’ की जा रही है। नाइक ने करोड़ों रुपये के कथित घोटाले में एक राज्य मंत्री और दो सरकारी अधिकारियों की संलिप्तता का दावा किया है, जिसके बाद विपक्ष ने मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत के नेतृत्व वाली सरकार पर निशाना साधा है। पुलिस अधीक्षक (अपराध शाखा) राहुल गुप्ता ने बृहस्पतिवार को संवाददाताओं से कहा कि मामले की जांच जारी है।

उन्होंने कहा, ‘‘उसके (नाइक) कुछ आरोप प्रथम दृष्टया अन्य उपलब्ध रिकॉर्ड से मेल नहीं खाते। इसलिए, उनकी गहन जांच की आवश्यकता है। अपराध शाखा दर्ज बयानों की सामग्री की पड़ताल कर रही है और उसके अनुसार अगली कार्रवाई तय करेगी।’’ अधिकारी ने कहा कि नाइक द्वारा लगाए गए आरोपों को शब्दश: नहीं माना जा सकता। नाइक को पिछले साल गिरफ्तार किया गया था और फिलहाल वह जमानत पर बाहर है। पिछले हफ्ते नाइक ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया था।

जिसमें करोड़ों रुपये के घोटाले में राज्य के एक मंत्री और दो अन्य लोगों की संलिप्तता का आरोप लगाया गया था। किसी का नाम लिए बिना नाइक ने दावा किया कि वह एक मंत्री, एक वरिष्ठ आईएएस अधिकारी और एक इंजीनियर की ओर से पीड़ितों से पैसा इकट्ठा कर रही थी। गुप्ता ने बताया कि कथित नौकरी घोटाले से संबंधित नाइक का एक वीडियो नौ नवंबर को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। 

जिसमें दावा किया गया कि उसने 2019 से 2022 के बीच सरकारी नौकरी दिलाने के लिए दो अधिकारियों को 17.68 करोड़ रुपये दिए थे। अधिकारी के अनुसार, अपने पहले के बयान में नाइक ने किसी भी सरकारी अधिकारी की भूमिका के बारे में कुछ नहीं कहा था। अपराध शाखा ने नाइक को दो बार तलब किया है और उसके बयान विस्तार से दर्ज किए हैं, जिसमें हाल ही में हुई लगभग पांच घंटे की पूछताछ भी शामिल है।

Read More उत्तर प्रदेश में जाली दस्तावेजों के जरिए 100 करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी, गिरोह के आठ सदस्य गिरफ्तार

उन्होंने कहा कि पुलिस नौकरी घोटाले के सैकड़ों पीड़ितों से प्राप्त किए गए धन से संबंधित नाइक के आरोपों की जांच कर रही है। गुप्ता ने कहा, ‘‘आरोपों में से एक यह था कि पीडीए कॉलोनी (पणजी के पास) में एक फ्लैट था जहां यह लेन-देन होता था। लेकिन हमने फ्लैट मालिक से पूछताछ की और उसने रिकॉर्ड पेश किए कि 2019 से उस फ्लैट में केवल होटल मैनेजमेंट के छात्र ही रह रहे हैं।’’

Read More लाल किला विस्फोट : आरोपी आमिर राशिद अली को पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया गया

अधिकारी ने बताया कि नौकरी के बदले नकदी घोटाले के संबंध में गोवा में दर्ज पांच मामलों में नाइक का नाम शामिल था और वह पिछले साल 21 नवंबर को जमानत पर बाहर आई थी। विपक्षी कांग्रेस ने घोटाले में राज्य के एक मंत्री की भूमिका के आरोपों की न्यायिक जांच की मांग की है और सरकार पर इस रैकेट में शामिल लोगों को बचाने का आरोप लगाया है। विपक्ष के नेता यूरी अलेमाओ ने दावा किया था कि नाइक ने पिछले साल गिरफ्तारी के बाद अपने बयान में एक मंत्री का नाम लिया था लेकिन आरोपपत्र में उस नाम का कोई जिक्र नहीं था।

Read More न्यायपालिका में एआई के उपयोग के विनयमन से संबंधित याचिका पर सुनवाई से न्यायालय का इनकार

संबंधित समाचार