टीएमपी नेता ने शाही श्मशान घाट के उचित रखरखाव के लिए त्रिपुरा के मुख्यमंत्री को पत्र लिखा
टिपरा मोथा पार्टी (टीएमपी) के वरिष्ठ नेता राजेश्वर देबबर्मा ने त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा से अगरतला में हावड़ा नदी के तट पर स्थित शाही श्मशान घाट का उचित रखरखाव सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।
अगरतला, भाषा। टिपरा मोथा पार्टी (टीएमपी) के वरिष्ठ नेता राजेश्वर देबबर्मा ने त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा से अगरतला में हावड़ा नदी के तट पर स्थित शाही श्मशान घाट का उचित रखरखाव सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। यह स्थल माणिक्य राजवंश के लिए एक पवित्र स्थान रहा है, जिसने 15वीं से 20वीं शताब्दी तक त्रिपुरा रियासत पर शासन किया और अगरतला को अपनी राजधानी बनाया।
मुख्यमंत्री को शुक्रवार को लिखे पत्र में पूर्व विधायक देबबर्मा ने कहा, ‘‘अगरतला का ऐतिहासिक एवं विरासत स्थल शाही श्मशान घाट दयनीय स्थिति में है। महाराजा किरीट बिक्रम किशोर माणिक्य देबबर्मन की पुण्यतिथि के अवसर पर, मैंने 27 नवंबर को उस स्थान पर जाकर अपनी श्रद्धांजलि दी, जहां उन्हें दफनाया गया था।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे यह देखकर आश्चर्य और निराशा हुई कि परिसर की हालत बहुत खराब थी, चारों ओर कूड़ा-कचरा बिखरा हुआ था और कुल मिलाकर स्थिति संतोषजनक नहीं थी।’’

