असम विधानसभा में कृषि सहित विभिन्न मुद्दों को लेकर हंगामा, 20 मिनट के लिए कार्यवाही स्थगित

नेशनल एक्सप्रेस डिजिटल डेस्क
On

असम विधानसभा में शुक्रवार को कृषि और चाय क्षेत्र पर चर्चा के दौरान हंगामे की वजह से उपाध्यक्ष नुमाल मोमिन ने सदन की कार्यवाही 20 मिनट के लिए स्थगित कर दी।

गुवाहाटी, भाषा। असम विधानसभा में शुक्रवार को कृषि और चाय क्षेत्र पर चर्चा के दौरान हंगामे की वजह से उपाध्यक्ष नुमाल मोमिन ने सदन की कार्यवाही 20 मिनट के लिए स्थगित कर दी। चर्चा नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस विधायक देवव्रत सैकिया द्वारा पेश किए गए एक निजी सदस्य प्रस्ताव के जरिये शुरू की गई। सैकिया ने दावा किया कि कृषि क्षेत्र कम उत्पादकता, व्यापार नीति के अभाव, वार्षिक बाढ़ और किसानों के लिए डिजिटल बाजार संपर्क की कमी जैसी समस्याओं का सामना कर रहा है।

उन्होंने यह भी दावा किया कि चाय क्षेत्र को कोई विशेष प्रोत्साहन नहीं मिला है। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री बिमल बोरा ने नेता प्रतिपक्ष के आरोप पर कहा कि चाय क्षेत्र के लिए विभिन्न उपाय किए गए हैं, जिनमें निर्यात को प्रोत्साहन देना तथा श्रमिकों एवं उनके परिवारों के लिए कल्याणकारी योजनाएं शामिल हैं। बोरा का उत्तर लगभग 30 मिनट तक चला, जबकि पीठ ने उनसे अपनी बात समाप्त करने का आग्रह किया था।

सैकिया ने इस बात पर आपत्ति जताई कि उनकी चिंताओं पर संज्ञान नहीं लिया जा रहा है। मंत्री के जवाब से असंतुष्ट नेता प्रतिपक्ष ने सदन से बहिर्गमन किया। सैकिया के जाने के बाद बोरा ने टिप्पणी की कि कांग्रेस के पास ‘‘चाय बागान श्रमिकों के मामलों को सुनने का धैर्य नहीं है’’ और वह उन्हें केवल वोट बैंक के रूप में देखती है।

इस टिप्पणी पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कांग्रेस विधायक विरोध के लिए अपनी सीट पर खड़े होकर हंगामा करने लगे। सैकिया भी सदन में लौट आए और अपनी पार्टी के विधायकों के साथ चाय क्षेत्र के लिए सरकार की पहल पर सवाल उठाने लगे। शोरगुल जारी रहने पर उपाध्यक्ष मोमिन ने सदन की कार्यवाही 20 मिनट के लिए स्थगित कर दी।

Read More सीओई में गर्दन की चोट के रिहैबिलिटेशन के बाद गिल ‘काफी बेहतर’ महसूस कर रहे हैं

संबंधित समाचार