भारत ने चक्रवात प्रभावित श्रीलंका में एनडीआरएफ के 80 कर्मियों को तैनात किया
श्रीलंका में चक्रवाती तूफान ‘दित्वा’ के कारण आई अप्रत्याशित बाढ़ के बाद भारत ने पड़ोसी देश में राहत और बचाव कार्यों के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन के 80 बचावकर्मियों और विशेष रूप से प्रशिक्षित श्वान दस्तों की टीम भेजी है।
नयी दिल्ली, भाषा। श्रीलंका में चक्रवाती तूफान ‘दित्वा’ के कारण आई अप्रत्याशित बाढ़ के बाद भारत ने पड़ोसी देश में राहत और बचाव कार्यों के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन के 80 बचावकर्मियों और विशेष रूप से प्रशिक्षित श्वान दस्तों की टीम भेजी है। एक आधिकारिक प्रवक्ता ने यह जानकारी दी। प्रवक्ता ने बताया कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के लोगों को दो टीम में बांटा गया है। उन्होंने बताया कि चार खोजी कुत्तों के साथ दोनों टीम शनिवार तड़के करीब चार बजे दिल्ली के पास हिंडन एयरबेस से भारतीय वायुसेना के आईएल-76 विमान से कोलंबो रवाना हुईं।
उन्होंने कहा कि दोनों टीम श्रीलंका के चक्रवात प्रभावित इलाकों में खोज, बचाव और राहत अभियान में मदद के लिए नौकाएं, जरूरी उपकरण, संचार उपकरण, प्राथमिक उपचार ‘किट’ और अन्य आवश्यक राहत सामग्री लेकर पहुंची हैं। अपने पड़ोसी देश की मदद के लिए भारत द्वारा शुरू किए गए ‘ऑपरेशन सागर बंधु’ के तहत इन एनडीआरएफ कर्मियों को भेजा गया है। चक्रवात ‘दित्वा’ की वजह से आई बाढ़ और भूस्खलन के बाद श्रीलंका अप्रत्याशित आपदा का सामना कर रहा है।
बारिश और भूस्खलन से भारी तबाही हुई है और बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है। एनडीआरएफ ने चक्रवात के मद्देनजर तमिलनाडु के विल्लुपुरम, चेंगलपट्टू, तिरुवल्लूर, नागपट्टिनम, तिरुवरूर, तंजावुर, पुदुक्कोट्टई और मयिलादुथुराई सहित संवेदनशील तटीय जिलों में 14 टीम भी तैनात की हैं।प्रवक्ता ने कहा कि पुडुचेरी के लिए अतिरिक्त टीम भेजी जा रही हैं, जबकि महाराष्ट्र के पुणे और गुजरात के वडोदरा में एनडीआरएफ बेस से 10 टीम चेन्नई के लिए रवाना हो गई हैं।

