भाजपा प्रत्याशी शुभेंदु ने भवानीपुर में चुनाव प्रचार शुरू किया, ममता से होगा मुकाबला

नेशनल एक्सप्रेस डिजिटल डेस्क
On

पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने बृहस्पतिवार को दक्षिण कोलकाता की बहुचर्चित भवानीपुर विधानसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत की।

कोलकाता, भाषा। पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने बृहस्पतिवार को दक्षिण कोलकाता की बहुचर्चित भवानीपुर विधानसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत की।इस सीट पर उनका मुकाबला मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से है।शुभेंदु सुबह दिल्ली से कोलकाता पहुंचे और चकबेरिया रोड रवाना हुए, जहां उन्होंने भाजपा के भवानीपुर चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया और फिर एक रैली निकाली।

उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि रैली को मिली प्रतिक्रिया से वह उत्साहित हैं और वह निर्वाचन क्षेत्र के हर हिस्से में प्रचार करेंगे।शुभेंदु ने कहा, ‘‘मुझे उम्मीद है कि लोग मुझे स्वीकार करेंगे।’’उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा, ‘‘मैं 25,000 मतों के अंतर से जीतूंगा। जनता ने आज दिखा दिया है कि यहां कोई चुनौती नहीं है।’’शुभेंदु ने ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘घुसपैठियों और भ्रष्टाचार की नेता को हराना होगा।’’

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि छोटे दुकानदारों ने मुख्यमंत्री के भतीजे द्वारा उत्पीड़न किये जाने की शिकायत की है। शुभेंदु का इशारा तृणमूल के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी की ओर था।उन्होंने कहा, ‘‘छोटे दुकानदारों, चालकों और आम लोगों ने मुझे बताया है कि वे तृणमूल के अत्याचारों से आजिज आ चुके हैं। चैत्र नवरात्र के पहले दिन के पावन अवसर पर, मैंने केवल एक ही लक्ष्य के साथ चुनाव प्रचार शुरू किया है कि तृणमूल को हराना ही होगा।’’

चकबेरिया रोड इलाके में दोनों दलों के समर्थकों की भारी भीड़ जमा होने से कुछ समय के लिए तनाव व्याप्त हो गया।भाजपा कार्यकर्ताओं ने शुभेंदु के आने का जश्न मनाया, वहीं तृणमूल समर्थकों ने ‘जय बांग्ला’ और ‘ममता बनर्जी जिंदाबाद’ जैसे नारे लगाए।कोलकाता पुलिस के कर्मियों को भारी संख्या में तैनात किया गया था तथा वे दोनों दलों के समर्थकों को अलग-अलग करने और किसी भी अप्रिय घटना को टालने के लिए वहां मुस्तैद थे।

Read More पश्चिम एशिया में कच्चे तेल और ईंधन आपूर्ति संकट के बीच भारत अच्छी स्थिति में है: गोयल

शुभेंदु भवानीपुर पुलिस थाने भी गए और आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ताओं को धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी रैली को प्रतिबंधित किया गया या पार्टी कार्यकर्ताओं को परेशान किया गया, तो वह धरना देंगे।दो सीटों से चुनाव लड़ने के उनके फैसले के बारे में पूछे जाने पर भाजपा नेता ने कहा,

Read More रसोई गैस सिलेंडर की कमी के कारण बंगाल के कई स्कूलों में मध्याह्न भोजन कार्यक्रम प्रभावित

‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मुझे दोनों जगहों से चुनाव लड़ने का निर्देश दिया है। मैं नंदीग्राम से काफी मतों के अंतर से जीतूंगा और यहां (भवानीपुर) भी ममता बनर्जी को हरा दूंगा।’’नंदीग्राम में उनके प्रतिद्वंद्वी के बारे में पूछे जाने पर, जो पहले उनके साथ जुड़े हुए थे, शुभेंदु ने कहा, ‘‘मैं उनके बारे में कुछ नहीं कहूंगा। नंदीग्राम के लोग जानते हैं कि मैं उनके साथ कैसे खड़ा रहा हूं।’’

Read More प्रधानमंत्री मोदी असम के दो दिवसीय दौरे पर गुवाहाटी पहुंचे, बारिश के कारण कोकराझार दौरा रद्द

संबंधित समाचार