देहरादून में खनन कारोबारी की गोली मारकर हत्या
देहरादून शहर में राजपुर रोड पर सिल्वर सिटी सिनेमा के पास शुक्रवार को खनन कारोबारी विक्रम शर्मा की अज्ञात हमलावरों ने गोली मार कर हत्या कर दी।
देहरादून, भाषा। देहरादून शहर में राजपुर रोड पर सिल्वर सिटी सिनेमा के पास शुक्रवार को खनन कारोबारी विक्रम शर्मा की अज्ञात हमलावरों ने गोली मार कर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।पुलिस को मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शर्मा और उसके साथी अखिलेश सिंह के गिरोह के खिलाफ झारखंड समेत विभिन्न राज्यों में हत्या और अपहरण सहित करीब 50 मुकदमे दर्ज हैं।
देहरादून के पुलिस अधीक्षक (नगर) प्रमोद कुमार ने बताया कि घटना पूर्वाह्न 10:15 बजे पार्श्वनाथ एलेगेंजा मॉल में हुई जब शर्मा (50) पहली मंजिल पर बने जिम से बाहर आने के बाद सीढ़ियों से उतर रहा था।उन्होंने कहा कि शर्मा पर हमलावरों ने नजदीक से गोली चलाई, जिसके बाद वह सीढ़ियों पर गिर गया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय सिंह ने बताया कि उसके खिलाफ ज्यादातर मामले झारखंड में दर्ज हैं।अधिकारियों के अनुसार पता चला है कि देहरादून में शर्मा का एक फ्लैट है जहां वह अक्सर आता रहता था।उन्होंने कहा कि इसके अलावा यह जानकारी भी मिली है कि उत्तराखंड के उधमसिंह नगर जिले के बाजपुर में उसका ‘स्टोन क्रशर’ का कारोबार है।
अधिकारियों ने कहा कि यह भी पता चला है कि आठ साल पहले झारखंड पुलिस उसे यहां से गिरफ्तार करके ले गयी थी।पुलिस को संदेह है कि शर्मा की हत्या गैंगवार के तहत की गई।पुलिस ने बताया कि वारदात के बाद घटनास्थल से फरार हुए हमलावरों की तलाश की जा रही है और शहर में नाकाबंदी करके सघन जांच अभियान शुरू किया गया है।
वारदात स्थल के पास स्थित ‘एडिडास’ की दुकान के कर्मचारियों ने बताया कि गोलियों की आवाज सुनने के बाद वह कुछ समझ नहीं पाए, लेकिन बाद में वे भागकर बाहर पहुंचे तो सीढ़ियों पर लहुलुहान हालात में शर्मा पड़ा हुआ था।कर्मचारियों ने बताया कि शर्मा ने कई बार उनकी दुकान से सामान खरीदा था।
पिछले 15 दिन में शहर में सरेआम तीन लोगों की हत्या के बाद दहशत का माहौल है।हर के बीचों बीच स्थित तिब्बती मार्केट के बाहर बुधवार को दिनदहाड़े एक गैस एजेंसी के मालिक की गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी जबकि दो फरवरी को मच्छी बाजार में 22 वर्षीय युवती को धारदार हथियार से गला रेतकर मार डाला गया था।

