जम्मू में यात्री बस की एसयूवी से टक्कर, दो लोगों की मौत
जम्मू शहर के बाहरी क्षेत्र में जौरियन-अखनूर मार्ग पर एक यात्री बस की एसयूवी से टक्कर हो गई, जिसके बाद बस पलट गई।
जम्मू, भाषा। जम्मू शहर के बाहरी क्षेत्र में जौरियन-अखनूर मार्ग पर एक यात्री बस की एसयूवी से टक्कर हो गई, जिसके बाद बस पलट गई। इस दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई और लगभग 29 अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना कोटगढ़ी इलाके में हुई जिसमें दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और 29 अन्य घायल हो गए।
स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे तथा बचाव अभियान शुरू किया।अधिकारियों के अनुसार, 11 घायलों को अखनूर के उप-जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि 18 अन्य को जम्मू के राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय (जीएमसी) एवं अस्पताल ले जाया गया।
जीएमसी के प्राचार्य डॉ. आशुतोष गुप्ता ने बताया कि दो लोगों को मृत अवस्था में लाया गया, जबकि अस्पताल में भर्ती घायलों की हालत स्थिर है और किसी की भी हालत गंभीर नहीं है।अधिकारियों ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।

