देवरिया में सात वर्षीय बालक से यौन शोषण के आरोप में पुजारी गिरफ्तार
देवरिया जिले की बनकटा थाना पुलिस ने क्षेत्र के एक गांव में स्थित मंदिर के बुजुर्ग पुजारी को सात वर्षीय नाबालिग बालक के यौन शोषण के आरोप में गिरफ्तार किया है।
देवरिया, भाषा। देवरिया जिले की बनकटा थाना पुलिस ने क्षेत्र के एक गांव में स्थित मंदिर के बुजुर्ग पुजारी को सात वर्षीय नाबालिग बालक के यौन शोषण के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, बिहार के सिवान जिले के गुठनी क्षेत्र के ताली गांव निवासी रमेशचंद्र पुरी (65) बनकटा थाना क्षेत्र के एक गांव में स्थित मंदिर में करीब बीस वर्षों से पुजारी है। पुलिस अधिकारयों ने बताया कि सोमवार को गांव का ही सात वर्षीय बालक घर के पास खेल रहा था, तभी पुजारी कथित रूप से उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और मंदिर के समीप सुनसान स्थान पर उसके साथ कुकर्म किया।
उनके मुताबिक, घटना के बाद बच्चे की हालत बिगड़ने पर परिजनों को मामले की जानकारी हुई, तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने बालक की मां की तहरीर पर पुजारी रमेशचंद्र पुरी के खिलाफ कुकर्म और पॉक्सो अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि आज आरोपी को अदालत में पेश किया गया , जहां से उसे कारागार भेज दिया गया। बनकटा थानाध्यक्ष विशाल कुमार उपाध्याय ने बताया कि मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

