लाइफ सर्टिफिकेट अपडेट के नाम पर पेंशनर के खाते से 25 लाख उड़ाए
डिफेंस कॉलोनी का मामला इज्जतनगर पुलिस जांच में जुटी।
पुलिस ने मामला दर्ज कर साइबर सेल को मामले की जांच सौंपी है। ठग का मोबाइल नंबर भी पुलिस के हाथ लगा है, जिसके आधार पर गिरोह की तलाश की जा रही है।
नेशनल एक्सप्रेस ब्यूरो, बरेली। शहर में साइबर अपराधियों ने एक और पेंशनधारी को निशाना बनाकर उसकी उम्रभर की कमाई पलभर में लूट ली। डिफेंस कॉलोनी के रहने वाले एक बुजुर्ग को लाइफ सर्टिफिकेट अपडेट कराने का झांसा देकर उनके बैंक खाते से 25 लाख रुपये निकाल लिए गए। मामले की तहरीर पर इज्जतनगर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित अनन्त कुमार ने बताया कि 1 दिसंबर को उनके मोबाइल पर एक व्यक्ति का फोन आया, जिसने अपना नाम अनिल शर्मा बताया और खुद को सरकारी कर्मचारी बताकर कहा कि आपका लाइफ सर्टिफिकेट लंबित है। अपडेट कराने के लिए उसने ओटीपी मांगा। भरोसे में आकर अनन्त कुमार ने ओटीपी साझा कर दिया, जिसके बाद ठगों ने खाते में सेंध लगा दी। अगली सुबह जब उन्होंने पीएनबी ऐप खोला, तो खाते से लगातार ट्रांजैक्शन कर पूरी राशि गायब हो चुकी थी। अचानक खाते में 25 लाख रुपये गायब देखने पर उनके होश उड़ गए। इसके बाद उन्होंने तुरंत इज्जतनगर थाने पहुंचकर शिकायत दी।
पुलिस ने मामला दर्ज कर साइबर सेल को मामले की जांच सौंपी है। ठग का मोबाइल नंबर भी पुलिस के हाथ लगा है, जिसके आधार पर गिरोह की तलाश की जा रही है। पुलिस ने नागरिकों को सतर्क रहने और किसी भी अनजान कॉल पर बैंक संबंधी जानकारी साझा न करने की अपील की है।

