फेज-5.0 के अन्तर्गत पंचायत भवन में मिशन शक्ति का वृहद् कार्यक्रम आयोजित

नेशनल एक्सप्रेस डिजिटल डेस्क
On

पंचायत भवन सभागार में मिशन शक्ति फेज-5.0 के अन्तर्गत वृहद् कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नारी उत्थान केन्द्र के काउंसलरों को उत्कृष्ट कार्य करने पर स्मृति चिन्ह् देकर सम्मानित किया गया।

मुरादाबाद। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डीआईजी मुनिराज जी ने मिशन शक्ति फेेज-5.0 के अन्तर्गत आयोजित विभिन्न नाटकों के सुन्दर प्रस्तुती देने पर छात्राओं को बधाई दी और कहा कि जो बेेटियां यहां पर इस कार्यक्रम में आयी हैं वह अपने माता-पिता, भाई और दूसरों को कार्यक्रम में रखे गये विचारों से अवगत कराये।
 
महिलाओं की सुरक्षा हेतु सरकार द्वारा बहुत सारे हेल्प नम्बर संचालित किए गये हैं, महिलाओं के लिए थाने स्तर पर महिला हेल्प डेस्क स्थापित किये गये हैं, जिसके अन्तर्गत थाने पर आने वाली महिलाओं की शिकायतों को संवेदनशीलता के साथ सुनकर उसका त्वरित व सम्यक् निस्तारण कराया जाता है, जिसका उद्देश्य महिलाओं के लिए पुलिस थानों की वीमेन फ्रेन्डली, सहज, अनुकूल और पहुंच योग्य बनाना है। इससे थाने पर आने वाली महिलाओं को इधर-उधर भटकना नहीं पड़ता।
 
उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति कार्यक्रम के माध्यम से लगातार जागरुकता लाने से व्यापक परिवर्तन होगा, सभी छात्राओं की सुरक्षा एवं सम्मान पुलिस की जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि सभी जनपद मुख्यालय पर कार्यरत पुलिस स्टेशन के अन्तर्गत महिला साइबर सैल गठित किया गया है। महिला साइबर सैल, इण्टरनेट तथा अन्य सोशल मीडिया ऐप पर साइबर स्टाॅकिंग एवं साइबर बुलिंग की शिकायतों पर त्वरित प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने कहा कि मिशन शक्ति फेज-5.0 के अन्तर्गत यहां कार्यक्रम आयोजित कर फेज-1 से 5.0 तक की प्रगति के संबंध में अवगत कराया गया है।
 
उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा एवं उत्थान हेतु पुलिस सदैव तत्पर है। आज के समय में महिलाएं अपनी शिकायतों को सुगमतापूर्वक रख रहीं हैं। महिला हेल्प डेस्क को थाने के अन्दर मिनी पुलिस स्टेशन का रुप दिया गया है। उन्होंने बताया कि हेल्प लाइन नम्बर 112, 1076 आज हमारी जीवन शैली में आ चुका है और इसका व्यापक स्तर पर प्रयोग किया जा रहा है। पिछले कई वर्षो से मिशन शक्ति कार्यक्रम के माध्यम से काफी जागरुकता आई है। महिलाएं अपने बात को आसानी से कह रहीं हैं और सभी क्षेत्रों में आगे बढ़कर कार्य कर रहीं हैं। उन्होंने कहा कि बेटियों को बढ़े सपने देखने चाहिए और उन्हें साकार करने में प्रयासरत रहें ताकि एक अच्छे समाज एवं देश के निर्माण में अपना योगदान दें। जिला पंचायत अध्यक्ष डाॅ. शेफाली सिंह ने कहा कि नारी शक्ति डराने के लिए नहीं है।
 
बल्कि नारी को कहीं संघर्ष करना पडता है तो कहीं झुकना भी पडता है, कहीं आगे बढ़ना पडता है। तो कहीं पीछे भी हटना पडता है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में पुरुषों की भी बराबर की भागीदारी होनी चाहिए। मिशन शक्ति का मुख्य उद्देश्य नारी सुरक्षा, संरक्षा और सशक्तिकरण को मजबूत करना है, जिसमें महिलाओं के समग्र विकास के लिए सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक आत्मनिर्भरता पर ध्यान केन्द्रित किया जाता है यह पहल महिलाओं के लिए एक सुरक्षित, सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित करती है और समाज में उनकी सकारात्मक भागीदारी को बढ़ावा देती है। कार्यशाला के माध्यम से बेटियों में जागरुकता पैदा कर उन्हें निर्भीक, साहसी एवं स्वावलंबन बनाना है। 
 
कार्यक्रम में बेटी बचाओं, बेटी पढ़ाओं तथा नन्हीं चिड़ियां के संयोजिका अल्पना रितेश गुप्ता, कौशल्या इंटर कालेज की प्रधानाचार्या डाॅ. मधुवाला त्यागी, काउंसलर डाॅ. पूनम बंसल, नीलू मेहरोत्रा, सत्यवती सक्सेना, डाॅ. कुमार, डाॅ. संगीता चैहान, डाॅ. एम0पी0 सिंह, डाॅ. वबिता, डाॅ. रुचि तथा डाॅ. संतोष आनंद ने मिशन शक्ति 5.0 के अन्तर्गत अपने विचार व्यक्त करते हुए नारी सुरक्षा, नारी सम्मान नारी स्वावलंबन पर विशेष जोर दिया।
इस अवसर पर कौशल्या इंटर कालेज की छात्राओं ने नारी शक्ति पर सुन्दर नाटकों की प्रस्तुती कर बेटियों को सक्षम, निर्भीक एवं स्वावलंबन के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन रितु नारंग ने किया। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी सुश्री मृणाली अविनाश जोशी, अपर जिलाधिकारी नगर सुश्री ज्योति सिंह, एसपी सिटी, एसपी ग्रामीण सहित विभिन्न स्कूल की छात्राएं उपस्थित रही।

संबंधित समाचार