पूर्वी चंपारण में 33 फीट ऊंचे शिवलिंग की स्थापना, मुख्यमंत्री नीतीश ने किया मंदिर स्थल का दौरा

नेशनल एक्सप्रेस डिजिटल डेस्क
On

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को पूर्वी चंपारण जिले में निर्माणाधीन विराट रामायण मंदिर के स्थल का दौरा किया।

मोतिहारी (बिहार), भाषा। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को पूर्वी चंपारण जिले में निर्माणाधीन विराट रामायण मंदिर के स्थल का दौरा किया। इस दौरान मंदिर परिसर में 33 फीट ऊंचे एक विशाल शिवलिंग की स्थापना की गई।  जिले में मुख्यमंत्री की 'समृद्धि यात्रा' के दौरान नीतीश कुमार के साथ उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। कुमार ने मंदिर स्थल का निरीक्षण किया और जारी निर्माण कार्यों की जानकारी ली।

मंदिर में विशाल शिवलिंग की स्थापना के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रार्थना करने के लिए पहुंचे थे। तमिलनाडु के महाबलीपुरम में निर्मित इस 33 फीट ऊंचे शिवलिंग का वजन 210 मीट्रिक टन है। इसे विशेष रूप से तैयार किए गए 96 पहियों वाले ‘ट्रेलर’ पर कल्याणपुर लाया गया। इसे मोतिहारी पहुंचने में 45 दिन लगे। बिहार राज्य धार्मिक न्यास परिषद (बीएसआरटीसी) के सदस्य सायन कुणाल और उनकी पत्नी एवं समस्तीपुर की सांसद संभवी चौधरी ने शिवलिंग की स्थापना के दौरान एक यज्ञ में हिस्सा लिया।

कुणाल ने बताया, "यह शिवलिंग एक ही चट्टान से बना है, इसीलिए इसे विश्व का सबसे बड़ा शिवलिंग माना जाता है।" उन्होंने कहा, "इस शिवलिंग में 1008 छोटे शिवलिंग समाहित हैं। इसकी पूजा करने से भक्तों को 1008 शिवलिंगों की पूजा करने के बराबर आध्यात्मिक पुण्य प्राप्त होता है।" कुणाल ने यह भी बताया कि विराट रामायण मंदिर का निर्माण 2030 तक पूरा हो जाएगा।

पटना स्थित महावीर मंदिर ट्रस्ट की टीम पूरी परियोजना की निगरानी कर रही है। मंदिर की आधारशिला 20 जून, 2023 को बीएसआरटीसी के पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय आचार्य किशोर कुणाल ने रखी थी। किशोर कुणाल के पुत्र सायन कुणाल ने बताया कि मुख्य मंदिर की ऊंचाई 270 फीट होगी जबकि मंदिर परिसर में 18 मीनारें और विभिन्न देवी-देवताओं के लिए 22 मंदिर होंगे। इससे पहले दिन में मुख्यमंत्री ने पश्चिम चंपारण जिले में कई विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया और समृद्धि यात्रा के दौरान महिला आईटीआई और उत्कृष्टता केंद्र का निरीक्षण किया।

Read More प्रधानमंत्री मोदी ने शरद पवार से बात की, उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन पर शोक व्यक्त किया

संबंधित समाचार