दिल्ली के विधायकों की दो से 14 फरवरी तक परमानंद अस्पताल में वार्षिक स्वास्थ्य जांच होगी
दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने रविवार को कहा कि सभी विधायकों की वार्षिक स्वास्थ्य जांच दो से 14 फरवरी तक कश्मीरी गेट स्थित परमानंद अस्पताल में दिल्ली सरकार की मौजूदा स्वास्थ्य योजना के तहत की जाएगी।
नयी दिल्ली, भाषा। दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने रविवार को कहा कि सभी विधायकों की वार्षिक स्वास्थ्य जांच दो से 14 फरवरी तक कश्मीरी गेट स्थित परमानंद अस्पताल में दिल्ली सरकार की मौजूदा स्वास्थ्य योजना के तहत की जाएगी। गुप्ता ने कहा कि नियमित स्वास्थ्य जांच निवारक स्वास्थ्य देखभाल का एक महत्वपूर्ण हिस्सा और संस्थागत जिम्मेदारी है, जो सार्वजनिक निकायों के कामकाज में निरंतरता एवं दक्षता सुनिश्चित करने में मदद करती है।
उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया निर्धारित सरकारी मानदंडों और समय-सीमा पर की जाने वाली एक नियमित वार्षिक प्रक्रिया है तथा इसमें विधायकों के लिए कोई विशेष व्यवहार, रियायत या नया अधिकार शामिल नहीं है। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि यह जांच स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय (डीजीएचएस) द्वारा अधिसूचित वार्षिक स्वास्थ्य जांच योजना के तहत की जा रही हैं। दिल्ली विधानसभा सचिवालय ने सभी सदस्यों से अनुरोध किया है कि वे लागू प्रावधानों के अनुसार निर्धारित अवधि के भीतर अपनी स्वास्थ्य जांच कराएं।

