दिल्ली में पिछले छह साल में मार्च का सबसे ठंडा दिन दर्ज, एक्यूआई 'संतोषजनक' श्रेणी में

नेशनल एक्सप्रेस डिजिटल डेस्क
On

राष्ट्रीय राजधानी में बारिश और तेज हवाओं के बाद शुक्रवार को तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई और वायु गुणवत्ता में भी उल्लेखनीय सुधार हुआ।

नयी दिल्ली, भाषा। राष्ट्रीय राजधानी में बारिश और तेज हवाओं के बाद शुक्रवार को तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई और वायु गुणवत्ता में भी उल्लेखनीय सुधार हुआ।दिल्ली में शुक्रवार का दिन पिछले छह वर्षों में मार्च महीने का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया। इसी के साथ वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 93 दर्ज किया गया, जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में आता है। करीब पांच महीने बाद लोगों को स्वच्छ हवा में सांस लेने का मौका मिला।

सफदरजंग में अधिकतम तापमान 21.7 डिग्री सेल्सियस रहा। इससे पहले आठ मार्च, 2020 को तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था जबकि नौ अक्टूबर, 2025 को एक्यूआई 99 दर्ज किया गया था।केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है।

दिल्ली के विभिन्न इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी नीचे रहा। पालम में यह 21.2 डिग्री (सामान्य से नौ डिग्री नीचे), लोधी रोड में 21.0 डिग्री (सामान्य से 10.7 डिग्री नीचे), रिज में 21.1 डिग्री और आयानगर में 21.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।वहीं, सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 16 डिग्री, पालम में 14.7 डिग्री, लोधी रोड में 15.8 डिग्री, रिज में 15.1 डिग्री और आयानगर में 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

शहर में दिन में सात मिमी बारिश हुई, जिससे इस महीने अब तक औसत वर्षा 16.2 मिमी हो गई है। यह 2023 के बाद तीन वर्षों में सबसे अधिक वर्षा वाला मार्च महीना है।मौसम विभाग के अनुसार शनिवार से 23 मार्च तक वायु गुणवत्ता के ‘मध्यम’ श्रेणी में रहने की संभावना है। शनिवार को न्यूनतम तापमान 14 डिग्री और अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जबकि आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने का पूर्वानुमान है।

Read More क्रिकेटर कुलदीप यादव मसूरी में विवाह बंधन में बंधे

संबंधित समाचार