मप्र : जिला अदालत में जहरीली गैस के 15 बमों में विस्फोट की धमकी फर्जी पाई गई

नेशनल एक्सप्रेस डिजिटल डेस्क
On

अधिकारियों ने बताया कि इन जिलों समेत कुछ अन्य अदालतों के आधिकारिक ईमेल पते पर संदेश भेजकर दावा किया गया था कि परिसर में ‘‘जहरीली गैस बम’’ लगाए गए हैं।

सतना/बड़वानी, भाषा। मध्यप्रदेश के सतना, मैहर और बड़वानी की जिला अदालतों में शुक्रवार को ‘‘जहरीली गैस बम’’ से विस्फोट की धमकी वाले ईमेल मिलने के बाद पुलिस ने परिसरों को खाली कराकर सघन तलाशी ली, हालांकि कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।अधिकारियों ने बताया कि इन जिलों समेत कुछ अन्य अदालतों के आधिकारिक ईमेल पते पर संदेश भेजकर दावा किया गया था कि परिसर में ‘‘जहरीली गैस बम’’ लगाए गए हैं और वे दोपहर में फटेंगे, लेकिन सभी धमकियां बाद में फर्जी साबित हुईं।

उन्होंने बताया कि सतना और बड़वानी की जिला अदालतों को भेजे गए ईमेल में अदालत परिसर में जहरीली गैस के 15 बम रखे जाने का जिक्र था, जबकि मैहर अदालत को भेजे गए संदेश में संख्या स्पष्ट नहीं थी।बड़वानी के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश महेंद्र कुमार जैन ने बताया कि अदालत के ईमेल पते पर तमिल भाषा में संदेश मिला, जिसमें 15 जहरीले गैस बम लगाए जाने और उनके फटने की चेतावनी दी गई थी। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचित किया गया।

पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल ने बताया कि इस सूचना पर पुलिस बल और बम निरोधक दस्ता भेजकर अदालत परिसर को खाली कराया गया और इसमें अच्छी तरह छानबीन की गई, लेकिन कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।उन्होंने कहा कि फर्जी ईमेल भेजने वाले का पता लगाने के लिए पुलिस का साइबर प्रकोष्ठ जांच कर रहा है और जांच के बाद उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

एक अन्य अधिकारी ने बताया कि सुबह सतना और मैहर की जिला अदालतों को भी इसी तरह के धमकी भरे ईमेल मिले, जिनमें दावा किया गया था कि अदालत परिसर और न्यायाधीशों के कक्षों में बम लगाए गए हैं, जो दोपहर एक बजे फटेंगे।अधिकारियों ने बताया कि संबंधित जिलों के जिला एवं सत्र न्यायाधीशों ने तत्काल संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को सूचना दी, जिसके बाद बम निरोधक दस्ते और सुरक्षा बलों ने परिसर की व्यापक तलाशी ली, लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।

उन्होंने बताया कि मैहर, नागौद और अमरपाटन समेत सभी जिला अदालतों को बम से उड़ाने की धमकी भी ईमेल के जरिए दी गई थी।नगर पुलिस अधीक्षक देवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि सतना जिला अदालत को तमिल भाषा में मिले ईमेल में 15 जहरीले गैस सिलेंडर से विस्फोट करने की धमकी दी गई थी।अधिकारियों के अनुसार, रीवा, मैहर और जबलपुर समेत आसपास के जिलों में भी इसी तरह की धमकियां मिलीं,

लेकिन कहीं कोई विस्फोटक सामग्री नहीं पाई गई।उन्होंने बताया कि इस संबंध में मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।अधिकारियों ने कहा कि पिछले कुछ महीनों में राज्य के विभिन्न हिस्सों में हवाई अड्डों, बैंक शाखाओं, अस्पतालों और स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी वाले फर्जी ईमेल मिलने की घटनाएं सामने आई हैं।

संबंधित समाचार