चैत्र नवरात्रि पर उसायनी वैष्णो देवी धाम में आस्था का सैलाब
चैत्र नवरात्रि के पावन पर्व पर फिरोजाबाद के उसायनी स्थित प्रसिद्ध श्री वैष्णो देवी धाम में आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला।
नेशनल एक्सप्रेस ब्यूरो, फिरोजाबाद। चैत्र नवरात्रि के पावन पर्व पर फिरोजाबाद के उसायनी स्थित प्रसिद्ध श्री वैष्णो देवी धाम में आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। नवरात्रि के पहले दिन से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा।
तड़के सुबह से ही शुरू हुआ दर्शन का सिलसिला
मंदिर के कपाट तड़के चार बजे श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए थे। सुबह की पहली किरण के साथ ही बड़ी संख्या में भक्त मंदिर पहुंच गए। हाथों में पूजा की थाल, लाल चुनरी और नारियल लिए श्रद्धालु अपनी बारी का इंतजार करते दिखे। भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था, और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
जम्मू-कटरा की तर्ज पर दर्शन
उसायनी का यह श्री वैष्णो देवी मंदिर अपनी भव्यता और जम्मू-स्थित वैष्णो देवी धाम की तर्ज पर बनी गुफा के लिए जाना जाता है। यहाँ श्रद्धालु पिंडी रूप में मां के दर्शन करते हैं। भक्तों का मानना है कि जो श्रद्धालु दूर होने के कारण जम्मू नहीं जा पाते, वे यहाँ आकर माँ का आशीर्वाद प्राप्त कर सकते हैं। मंदिर में स्थापित अखंड ज्योति भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहती है।
प्रशासनिक व्यवस्थाएं और सुरक्षा
भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर समिति और जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष रैली बनाई गई हैं ताकि दर्शन सुलभ हो सकें। मंदिर परिसर में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती भी की गई है।
नवरात्रि के इन नौ दिनों में उसायनी स्थित यह धाम फिरोजाबाद ही नहीं, बल्कि आसपास के जनपदों से आने वाले हजारों भक्तों के लिए श्रद्धा और विश्वास का सबसे बड़ा केंद्र बना हुआ है ।

