किशोर की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
शिकोहाबाद क्षेत्र के बिदरका गांव में गुरुवार को 14 वर्षीय किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
नेशनल एक्सप्रेस, फिरोजाबाद। शिकोहाबाद क्षेत्र के बिदरका गांव में गुरुवार को 14 वर्षीय किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने गांव के ही कुछ लोगों पर पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है, जिससे गांव में तनाव का माहौल है। मृतक की पहचान नरेंद्र के पुत्र बॉबी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, बॉबी 16 मार्च को आलू बीनने के लिए घर से निकला था।
आरोप है कि लौटते समय रास्ते में गांव के ही कुछ लोगों ने उसे घेरकर मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी शिकोहाबाद अनुज राना का कहना है कि तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

