मुरादाबाद : 09 वर्ष की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी का विधायक रितेश गुप्ता ने किया शुभारंभ
उत्तर प्रदेश सरकार के नौ वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर मुरादाबाद शहर स्थित पंचायत भवन परिसर में गुरुवार को 08 दिवसीय प्रदर्शनी का मुरादाबाद नगर विधायक रितेश गुप्ता ने फीता काटकर शुभारंभ किया।
नेशनल एक्सप्रेस, मुरादाबाद (फहीम अंसारी)। उत्तर प्रदेश सरकार के नौ वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर मुरादाबाद शहर स्थित पंचायत भवन परिसर में गुरुवार को 08 दिवसीय प्रदर्शनी का मुरादाबाद नगर विधायक रितेश गुप्ता ने फीता काटकर शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने पूरे प्रदर्शनी परिसर का भ्रमण किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आम जन के सर्वांगीण विकास और कल्याण के लिए अनेक महत्वाकांक्षी योजनाएं संचालित कर रही है।

साथ ही इन योजनाओं को पारदर्शी तरीके से पात्रता के अनुरूप लाभार्थियों तक पहुंचाया जा रहा है।बीते 9 वर्षों में सरकार ने प्रगति के विभिन्न क्षेत्रों में नवीन कीर्तिमान स्थापित किए हैं। आज बेहतरीन कानून व्यवस्था है। दंगामुक्त और भयमुक्त उत्तर प्रदेश में देश विदेश से निवेशक प्रोत्साहित हो रहे हैं। आज आमजन का जीवनस्तर सुधरा है।
पारदर्शी तरीके से सरकारी पदों पर भर्ती प्रक्रिया के साथ साथ हुनर और पात्रता के अनुरूप रोजगार के अवसरों से जोड़ने की दिशा में भी सरकार द्वारा अभूतपूर्व कार्य किए गए हैं। पंचायत भवन परिसर में लगाई गई इस प्रदर्शनी में सरकार द्वारा विगत 09 वर्षों की उपलब्धियां को दर्शाया गया है। यह प्रदर्शनी 26 मार्च तक स्थापित रहेगी। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी श्री जी.वी. पाठक सहित अन्य अधिकारी गण मौजूद रहे।

