मुरादाबाद में भीषण सड़क हादसा कार के उड़े परखच्चें 4 युवकों की दर्दनाक मौत 01 गंभीर घायल
जनपद में सोमवार को दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया।
नेशनल एक्सप्रेस, मुरादाबाद। जनपद में सोमवार को दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। थाना मूंढापांडे क्षेत्र के मनकड़ा मोड़ के पास तेज रफ्तार कार ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार चार युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार कार में सवार सभी युवक उत्तराखंड के नैनीताल और हल्द्वानी के रहने वाले बताए जा रहे हैं। सभी युवक हल्द्वानी से दिल्ली की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार मुरादाबाद के मूंढापांडे थाना क्षेत्र के मनकड़ा मोड़ के पास पहुंची, तभी तेज रफ्तार के कारण कार सामने चल रही ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी भयानक थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मौके पर ही चीख-पुकार मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी।
कुछ ही देर में मूंढापांडे थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे युवकों को बाहर निकाला। लेकिन तब तक चार युवकों की मौत हो चुकी थी, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। पुलिस ने घायल युवक को तुरंत एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा, जहां उसका इलाज चल रहा है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस ने चारों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है।
परिजनों में घटना की खबर मिलते ही कोहराम मच गया है। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी बाधित हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त कार और ट्रैक्टर-ट्रॉली को हटवाकर यातायात को सुचारू कराया। प्राथमिक जांच में हादसे की वजह कार की तेज रफ्तार और अचानक ट्रैक्टर-ट्रॉली से टक्कर को माना जा रहा है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है इस दर्दनाक हादसे ने मुरादाबाद के मूंढापांडे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ा दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर तेज रफ्तार और भारी वाहनों की आवाजाही के कारण इस तरह के हादसे अक्सर सामने आते रहते हैं। पुलिस अब हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

