पर्यटन मंत्री ने 697.17 लाख की परियोजनाओं का किया शिलान्यास
प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने रविवार को फिरोजाबाद के ऐतिहासिक गोपाल आश्रम प्रांगण में 697.17 लाख रुपये की पर्यटन विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
नेशनल एक्सप्रेस, फिरोजाबाद। प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने रविवार को फिरोजाबाद के ऐतिहासिक गोपाल आश्रम प्रांगण में 697.17 लाख रुपये की पर्यटन विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।कार्यक्रम के दौरान श्री चिंतामणि मंदिर के सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण किया गया, जबकि छदामी लाल जैन मंदिर और पसीने वाले हनुमान जी मंदिर के पर्यटन विकास कार्यों का शिलान्यास किया गया।
मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि फिरोजाबाद केवल सुहाग नगरी के रूप में ही नहीं, बल्कि आस्था और अध्यात्म की भी एक महत्वपूर्ण पहचान रखता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों का विकास कर उन्हें पर्यटन मानचित्र पर लाने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के माध्यम से न केवल धार्मिक स्थलों का सौंदर्यीकरण होगा, बल्कि यहां आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं भी मिलेंगी, जिससे क्षेत्र के पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी प्राप्तहोंगे।

