गैस सिलेंडर संकट पर सपा महिला सभा का हंगामा
घरेलू गैस की किल्लत और कालाबाजारी के विरोध में सपा महिला सभा ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन कर प्रशासन को चेतावनी दी।
नेशनल एक्सप्रेस ब्यूरो, फिरोजाबाद। घरेलू गैस की किल्लत और कालाबाजारी के विरोध में सपा महिला सभा ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन कर प्रशासन को चेतावनी दी।फिरोजाबाद में घरेलू गैस सिलेंडरों की अनियमित आपूर्ति और बढ़ती कालाबाजारी के विरोध में समाजवादी पार्टी (सपा) महिला सभा ने जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया।
महिलाओं ने नारेबाजी करते हुए प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया और व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की।जिलाध्यक्ष इंद्रवती यादव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिला पदाधिकारी और कार्यकर्ता एकत्रित हुईं। इस दौरान जिला महासचिव मीना राजपूत समेत अन्य नेताओं ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि जिले में गैस आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित है, जिससे उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं।
आरोप लगाया गया कि एजेंसियों द्वारा खुलेआम कालाबाजारी की जा रही है, जहां जरूरतमंदों को सिलेंडर नहीं मिलते, लेकिन ऊंचे दामों पर ब्लैक में उपलब्ध कराए जा रहे हैं।प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि गैस वितरण प्रणाली को पारदर्शी बनाया जाए और कालाबाजारी में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

