गैस एजेंसियों को डीएम की सख्त चेतावनी, कालाबाजारी पर होगा लाइसेंस रद्द
जिलाधिकारी रमेश रंजन ने गैस एजेंसी स्वामियों के साथ बैठक कर घरेलू गैस वितरण व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।
नेशनल एक्सप्रेस ब्यूरो, फिरोजाबाद (विपिन कुमार) जिलाधिकारी रमेश रंजन ने गैस एजेंसी स्वामियों के साथ बैठक कर घरेलू गैस वितरण व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। कालाबाजारी या अनियमितता मिलने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।जिलाधिकारी रमेश रंजन ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय में जनपद के सभी गैस एजेंसी स्वामियों के साथ बैठक कर घरेलू गैस आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की।
इस दौरान उन्होंने उपभोक्ताओं को समयबद्ध और सुचारू रूप से गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि किसी भी गैस एजेंसी के बाहर उपभोक्ताओं की लंबी कतारें नहीं लगनी चाहिए। एजेंसी संचालकों की जिम्मेदारी है कि गैस वितरण व्यवस्था को व्यवस्थित रखा जाए और लोगों को परेशानी न हो।
बैठक में उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिन उपभोक्ताओं के पास पीएनजी (पाइप नेचुरल गैस) कनेक्शन है, उनकी जांच की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि वे अवैध रूप से एलपीजी सिलेंडर का उपयोग न कर रहे हों। ऐसा पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पारदर्शिता बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि वितरण रजिस्टर के आधार पर प्रतिदिन 50 उपभोक्ताओं से फोन परसंपर्क कर फीडबैक लिया जाए, जिससे यह सुनिश्चित हो सके कि गैस सही उपभोक्ता तक पहुंच रही है या नहीं।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में गैस की कालाबाजारी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी गैस एजेंसी की संलिप्तता पाई गई तो उसका लाइसेंस तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया जाएगा। उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी को आकस्मिक निरीक्षण कर निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी विशु राजा भी मौजूद रहे।

