भारतीय नौसेना हाफ मैराथन : मध्य दिल्ली के कुछ हिस्सों में वाहनों की आवाजाही पर रहेगा प्रतिबंध
भारतीय नौसेना हाफ मैराथन के आयोजन के अवसर पर रविवार को राष्ट्रीय राजधानी की कई प्रमुख सड़कों पर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की जाएगी और मार्ग परिवर्तित किए जाएंगे।
नयी दिल्ली, भाषा। भारतीय नौसेना हाफ मैराथन के आयोजन के अवसर पर रविवार को राष्ट्रीय राजधानी की कई प्रमुख सड़कों पर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की जाएगी और मार्ग परिवर्तित किए जाएंगे। दिल्ली यातायात पुलिस ने इस संबंध में एक परामर्श जारी किया। इस आयोजन का उद्देश्य शारीरिक फिटनेस, स्वस्थ जीवनशैली और सशस्त्र बलों तथा आम लोगों के बीच सौहार्द की भावना को बढ़ावा देना है। इस हाफ मैराथन में लगभग 15,000 धावकों के भाग लेने की उम्मीद है। हाफ मैराथन को जवाहरलाल नेहरू (जेएलएन) स्टेडियम से रविवार एक फरवरी को सुबह पांच बजे हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा।
यातायात परामर्श के अनुसार, निर्धारित मार्गों पर यातायात सुबह 4:45 बजे से नौ बजे तक नियंत्रित रहेगा। आपातकालीन वाहनों को निर्बाध आवागमन की अनुमति होगी। भीष्म पितामह मार्ग पर स्थित जेएलएन स्टेडियम के गेट नंबर एक से सुबह 5:30 बजे शुरू होने वाली हाफ मैराथन (21.01 किलोमीटर) लोधी रोड, लाला लाजपत राय मार्ग, मथुरा रोड, सुब्रमण्यम भारती मार्ग और डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग, इंडिया गेट सी-हेक्सागन, कर्तव्य पथ, रफी मार्ग, संसद मार्ग, जनपथ रोड और मध्य दिल्ली के अन्य हिस्सों से होकर गुजरेगी। हाफ मैराथन जेएलएन स्टेडियम पर जाकर समाप्त होगी।
पुलिस ने कहा कि फोर्थ एवेन्यू-भीष्म पितामह मार्ग जंक्शन, कोटला रेड लाइट, सेवा नगर रेड लाइट, मेहर चंद मार्केट रेड लाइट, अरबिंदो मार्ग-लोधी रोड जंक्शन, राजेश पायलट मार्ग-अमृता शेरगिल मार्ग, सुब्रमण्यम भारती मार्ग जंक्शन, लाला लाजपत राय मार्ग, नीला गुम्बद, मथुरा रोड-भैरों रोड जंक्शन, पंडारा रोड जंक्शन, जनपथ-मौलाना आजाद रोड और गोल डाक खाना के पास सहित कई स्थानों पर आवश्यकता के अनुसार वाहनों के मार्गों को परिवर्तित किया जाएगा।
उत्तर-दक्षिण और पूर्व-पश्चिम कॉरिडोर के लिए वैकल्पिक मार्गों का सुझाव दिया गया है। रिंग रोड, आश्रम चौक, सराय काले खां, आईपी फ्लाईओवर, आईएसबीटी कश्मीरी गेट, धौला कुआं, एम्स चौक, आईटीओ, कनॉट प्लेस और नारायणा से होकर यात्रा करने वाले यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लेने की सलाह दी गई है।

