गुजरात के मुख्यमंत्री ने 182 नयी बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया

नेशनल एक्सप्रेस डिजिटल डेस्क
On

मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने बुधवार को यहां गुजरात राज्य सड़क परिवहन निगम (जीएसआरटीसी) की 182 नयी बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

गांधीनगर, भाषा। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने बुधवार को यहां गुजरात राज्य सड़क परिवहन निगम (जीएसआरटीसी) की 182 नयी बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, यात्रियों की सुविधा के लिए गुजरात के 182 विधानसभा क्षेत्रों में से प्रत्येक के लिए एक-एक बस समेत निगम की कुल 182 नयी बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने के लिए राज्य की राजधानी में एक भव्य समारोह आयोजित किया गया।

पटेल के अलावा, समारोह में उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी और परिवहन राज्य मंत्री प्रवीण माली भी मौजूद थे।वज्ञप्ति में कहा गया है कि नए बेड़े का विस्तार 62 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है।बुधवार को, सतत परिवहन को बढ़ावा देने के एक प्रतीकात्मक संकेत के रूप में, मंत्रिमंडल के सदस्यों और विधायकों ने अपने आवासों से विधानसभा तक राज्य परिवहन की बसों से यात्रा करते हुए,

नागरिकों को सार्वजनिक परिवहन के अधिक उपयोग के माध्यम से प्रदूषण और यातायात की भीड़ को कम करने का संदेश दिया।एक विज्ञप्ति के अनुसार, जीएसआरटीसी प्रतिदिन 8,000 से अधिक बसों का बेड़ा संचालित करता है, जो 33 लाख किलोमीटर की दूरी तय करता है और 27 लाख से अधिक यात्रियों को सुरक्षित और समय पर परिवहन सेवाएं प्रदान करता है।इसके अनुसार राज्य सरकार जीएसआरटीसी को हर साल नयी बसें खरीदने के लिए वित्तीय सहायता प्रदान करती है।

संबंधित समाचार