टूंडला जंक्शन पर एसआईजी का निरीक्षण, यात्री सुविधाओं की हुई समीक्षा
उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल की स्टेशन इंप्रूवमेंट ग्रुप (एसआईजी) ने बुधवार को टूंडला जंक्शन का विस्तृत निरीक्षण किया।
नेशनल एक्सप्रेस, टूंडला। उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल की स्टेशन इंप्रूवमेंट ग्रुप (एसआईजी) ने बुधवार को टूंडला जंक्शन का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं का बारीकी से आकलन किया गया।निरीक्षण में प्लेटफॉर्म की साफ-सफाई, पेयजल, प्रतीक्षालय, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, टिकट काउंटर और सुरक्षा इंतजामों को एनएसजी-3 मानकों के अनुरूप परखा गया।
साथ ही डिजिटल डिस्प्ले, सूचना प्रणाली, एस्केलेटर-लिफ्ट और दिव्यांगजन सुविधाओं की कार्यशीलता भी जांची गई।अधिकारियों ने स्टेशन परिसर में स्वच्छता और रखरखाव को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। यात्रियों की सुविधा के लिए साइनेंज, मार्गदर्शन और भीड़ प्रबंधन को मजबूत करने पर जोर दिया गया। खानपान स्टॉलों पर गुणवत्ता और दर सूची का भी निरीक्षण किया गया।
टूंडला जंक्शन का विकास ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के तहत जारी है। इस योजना के अंतर्गत स्टेशन के आधुनिकीकरण और यात्री सुविधाओं के विस्तार के कार्य प्रगति पर हैं। एसआईजी ने इन कार्यों की समीक्षा करते हुए समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी और संबंधित विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

