विकसित भारत–विकसित उत्तर प्रदेश थीम पर प्रदर्शनी, जनप्रतिनिधियों ने गिनाईं उपलब्धियां
नव निर्माण के नौ वर्ष: विकसित भारत–विकसित उत्तर प्रदेश’ थीम के तहत जनपद फिरोजाबाद के विकास भवन परिसर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
नेशनल एक्सप्रेस ब्यूरो, फिरोजाबाद। नव निर्माण के नौ वर्ष: विकसित भारत–विकसित उत्तर प्रदेश’ थीम के तहत जनपद फिरोजाबाद के विकास भवन परिसर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों की उपलब्धियों को दर्शाती प्रदर्शनी लगाई गई, जिसका जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने अवलोकन किया।कार्यक्रम में विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र और चेक वितरित किए गए।
साथ ही हेल्प डेस्क के माध्यम से आम जनता को योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें लाभान्वित किया गया।इस अवसर पर उमाकांत विश्वकर्मा को विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत प्रमाण पत्र प्रदान किया गया, जबकि डम्बर सिंह और राधे श्याम को मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत आवास की चाबियां सौंपी गईं। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं—सौम्या, निधि, जन्नत और राधा—को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक प्रेमपाल धनगर ने कहा कि नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश ने कानून व्यवस्था, निवेश, बुनियादी ढांचे, कृषि, रोजगार और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है।उन्होंने बताया कि प्रदेश में 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश प्राप्त हुआ है, जिससे करीब 60 लाख रोजगार के अवसर सृजित हुए हैं।
उत्तर प्रदेश आज एक्सप्रेस-वे नेटवर्क में देश में अग्रणी है, जहां कुल राष्ट्रीय नेटवर्क का लगभग 55 प्रतिशत हिस्सा मौजूद है और 22 एक्सप्रेस-वे संचालित या निर्माणाधीन हैं।महिला सुरक्षा के लिए मिशन शक्ति, महिला हेल्पलाइन 181, वूमेन पावर लाइन 1090 और एंटी रोमियो स्क्वॉड जैसी पहल को प्रभावी बताया गया। वहीं, विभिन्न पेंशन योजनाओं के तहत लाखों वृद्धजन, निराश्रित महिलाएं और दिव्यांगजन लाभान्वित हो रहे हैं।
पीएम किसान सम्मान निधि के तहत प्रदेश के 2.12 करोड़ किसानों को 99 हजार करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि हस्तांतरित की जा चुकी है। साथ ही अयोध्या, काशी, मथुरा, प्रयागराज और चित्रकूट जैसे धार्मिक स्थलों के विकास कार्यों का भी उल्लेख किया गया।कार्यक्रम के अंत में मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, मेयर कामिनी राठौर समेत अन्य अधिकारियों ने लाभार्थियों का उत्साहवर्धन किया।

