मतदाता सूची पुनरीक्षण पर डीएम की सख्ती, दलों से बीएलए बढ़ाने की अपील

नेशनल एक्सप्रेस डिजिटल डेस्क
On

मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के साथ बैठक कर प्रगति की समीक्षा की।

नेशनल एक्सप्रेस ब्यूरो, फ़िरोज़ाबाद। मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के साथ बैठक कर प्रगति की समीक्षा की। अधिकांश आवेदन ऑनलाइन प्राप्त हुए हैं, जबकि बीएलए नियुक्ति में तेजी लाने पर जोर दिया गया।मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 को लेकर बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी रमेश रंजन की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में पुनरीक्षण कार्य की प्रगति और संशोधित समय-सारणी पर चर्चा करते हुए बताया गया कि दावे और आपत्तियां 6 जनवरी से 6 मार्च तक प्राप्त की गईं, जबकि उनके निस्तारण की प्रक्रिया 27 मार्च तक चलेगी। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 10 अप्रैल को किया जाएगा।जिला प्रशासन के अनुसार, इस दौरान नाम जोड़ने के लिए 1,85,727 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें लगभग सभी ऑनलाइन माध्यम से भरे गए हैं। विधानसभा क्षेत्रों में फ़िरोज़ाबाद सीट पर सबसे अधिक 51 हजार से अधिक आवेदन आए हैं।

इसके अलावा नाम विलोपन के 5,173 और संशोधन के 32,522 आवेदन भी प्राप्त हुए हैं।अधिकारियों ने बताया कि सभी प्रकरणों में नोटिस जारी कर सुनवाई की जा रही है और वर्तमान में कोई भी मामला लंबित नहीं है। जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) की अधिक से अधिक नियुक्ति सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि 128 नए मतदेय स्थलों पर अभी बीएलए की नियुक्ति शेष है, जिसे शीघ्र पूरा किया जाए ताकि प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विभिन्न दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

संबंधित समाचार