'डिजिटल अरेस्ट' धोखाधड़ी के माध्यम से कारोबारी से 15 करोड़ रुपये की ठगी

नेशनल एक्सप्रेस डिजिटल डेस्क
On

बेलगावी में जालसाजों ने सीबीआई अधिकारी बनकर 81 वर्षीय एक व्यवसायी पर आर्थिक अपराध में संलिप्तता का आरोप लगाया।

बेलगावी (कर्नाटक), भाषा। बेलगावी में जालसाजों ने सीबीआई अधिकारी बनकर 81 वर्षीय एक व्यवसायी पर आर्थिक अपराध में संलिप्तता का आरोप लगाया और कथित तौर पर "डिजिटल अरेस्ट धोखाधड़ी" के माध्यम से उससे 15 करोड़ रुपये की ठगी कर ली। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।अधिकारियों के अनुसार, वरिष्ठ नागरिक को लगभग छह सप्ताह तक वीडियो कॉल सहित कई कॉल प्राप्त हुए।

जालसाजों ने दावा किया कि उस व्यक्ति को 25 लाख रुपये के धनशोधन के लिए पांच लाख रुपये का कमीशन मिला था और उसके खिलाफ अवैध आर्थिक गतिविधियों के लिए शिकायतें दर्ज की गई हैं।धनशोधन के मामले में गिरफ्तार करने की धमकी देकर जालसाजों ने पीड़ित को अपने खाते और वित्तीय विवरण उनके साथ साझा करने और पैसे को कथित तौर पर "सुरक्षित या सरकारी खाते" में स्थानांतरित करने के लिए मजबूर किया।

उन्होंने उसे आश्वासन दिया कि जांच के बाद राशि वापस कर दी जाएगी।पीड़ित को संदेह हुआ तो उसने पिछले सप्ताह पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।मामले की जांच करने वाले 'साइबर, इकोनॉमिक एंड नारकोटिक्स' (सीईएन) थाने के अधिकारियों ने उस खाते का पता लगाया जिसमें पैसा हस्तांतरित किया गया था और केवल 90 लाख रुपये बरामद किए।बेलगावी के पुलिस आयुक्त ने दोषियों का पता लगाने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए एक विशेष टीम का गठन किया है।

संबंधित समाचार