भाजपा के वरिष्ठ नेता दत्ता मेघे का 89 वर्ष की आयु में निधन

नेशनल एक्सप्रेस डिजिटल डेस्क
On

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता दत्ता मेघे का रविवार शाम 89 वर्ष की आयु में निधन हो गया।

नागपुर, भाषा। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता दत्ता मेघे का रविवार शाम 89 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके करीबी सहयोगी और नागपुर के पूर्व उप महापौर रघुनाथ मालिकर ने यह जानकारी दी।मेघे, हिंगणा के विधायक संदीप मेघे और पूर्व विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) सागर मेघे के पिता हैं।दत्ता मेघे नागपुर, रामटेक और वर्धा से चार बार कांग्रेस के लोकसभा सदस्य रहे और 2002 से 2008 तक राज्यसभा सदस्य भी रहे।

वे शरद पवार के नेतृत्व वाली (अविभाजित) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के सदस्य थे, जिसका गठन 1999 में हुआ था।वह 2014 में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए। उनके परिवार में उनकी पत्नी, दो बेटे, दो बेटियां और पोते-पोतियां हैं।केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि मेघे उनके बड़े भाई की तरह थे और उनके निधन की खबर दिल तोड़ देने वाली है।

उन्होंने कहा, "मैं उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। दत्ताभाऊ के निधन से विदर्भ के राजनीतिक और सामाजिक जगत को अपार क्षति हुई है। इतने उदार हृदय, व्यापक और निर्मल विचारों वाले नेता फिर नहीं मिलेंगे। विदर्भ में शिक्षा और चिकित्सा क्षेत्र में दत्ताभाऊ का योगदान उल्लेखनीय और महत्वपूर्ण है।"

संबंधित समाचार