भगवान परशुराम सेवा समिति के तत्वावधान में 21वां महाव्रत पारायण कार्यक्रम आयोजित
कार्यक्रम में विप्र बन्धुओं के साथ-साथ अन्य समाज के समस्त सनातन धर्मियों ने सैकड़ों की संख्या में सहभाग किया तथा आयोजन की प्रशंसा की।
नेशनल एक्सप्रेस, मुरादाबाद। भगवान परशुराम सेवा समिति, मुरादाबाद के तत्वावधान में रविवार को मनोरंजन सदन मुरादाबाद में इक्कीसवां महाव्रत पारायण एवं तिथि पत्रिका विमोचन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में विप्र बन्धुओं के साथ-साथ अन्य समाज के समस्त सनातन धर्मियों ने सैकड़ों की संख्या में सहभाग किया तथा आयोजन की प्रशंसा की।

कार्यक्रम का शुभारंभ समिति के अध्यक्ष पं० अनिमेष शर्मा, संरक्षक पं० उमेश त्रिवेदी 'पप्पन', संयोजक पं० संजय स्वामी एवं समिति सदस्यों द्वारा मां भगवती एवं भगवान परशुराम जी की मूर्ति के समक्ष दीप प्रज्वलित कर एवं पुष्प माला अर्पित कर किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भजन गायक राजकुमार गोस्वामी ने गणेश वंदना गाकर की, भजनों की श्रृंखला में गोस्वामी जी एवं महिला गायिका वंदना राही ने एक से एक सुंदर भजन गाकर पूरे हॉल का माहौल भक्तिमय बना दिया।
वंदना राही द्वारा कब होगा तेरा दीदार मैया पर सभी भक्तजन भावविभोर होकर झूमने लगे। इसके उपरान्त मां रेणुका वाहिनी महिला इकाई द्वारा माता का श्रृंगार कर चुनरी चढ़ाई गई और मेवा मिष्ठान भोग लगाया गया और समस्त महिलाओं में सुहाग चूड़ी-सिंदूर वितरित किया गया। समिति के संयोजक पं० संजय स्वामी ने आए अतिथियों का मंच से स्वागत कर समिति के उद्देश्यों एवं किए गए कार्यों पर प्रकाश डालते हुए भविष्य की योजनाओं के बारे में प्रकाश डाला।
मार्गदर्शक मंडल एवं समिति के पदाधिकारियों द्वारा गुरुकृपाचार्य जी द्वारा तैयार संवत् 2083 की व्रतोत्सव पत्रिका का विमोचन किया गया एवं पत्रिका तैयार करने वाले समस्त निर्णायक मंडल सदस्यों को समिति द्वारा शॉल एवं स्मृति चिन्ह से सम्मानित किया। विशेष आकर्षण फूलों की होली रही जिसमें सभी उपस्थित जनों ने एक दूसरे पर पुष्प वर्षा कर खूब आनन्द लिया।

