वाल्मीकि समाज पर अभद्र टिप्पणी करने का आरोपी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर गिरफ्तार

नेशनल एक्सप्रेस डिजिटल डेस्क
On

उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में रविवार को वाल्मीकि समुदाय के विरुद्ध कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने को लेकर हुए प्रदर्शन के बाद मामले में एक सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर को गिरफ्तार किया गया है।

पीलीभीत (उप्र), भाषा। उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में रविवार को वाल्मीकि समुदाय के विरुद्ध कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने को लेकर हुए प्रदर्शन के बाद मामले में एक सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।थाना प्रभारी नरेश त्यागी ने बताया कि सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के नौगवां पकड़िया निवासी वसीम रजा ने एक पीलीभीत टाइगर रिजर्व में भ्रमण के दौरान एक वीडियो बनाकर अपने ‘मिस्टर पीलीभीत’ पेज पर साझा किया था।

उन्होंने बताया कि वीडियो में रजा ने कथित तौर पर वाल्मीकि समुदाय के प्रति अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया था।पुलिस के मुताबिक घटना नाराज वाल्मीकि समुदाय के लोग मोहल्ला नखासा स्थित वाल्मीकि मंदिर के नजदीक एकत्र हुए और जुलूस निकाला। समुदाय के लोगों ने विरोध में गैस चौराहे पर रास्ता जाम कर दिया।पुलिस के मुताबिक विरोध प्रदर्शन के बाद, आरोपी को सुनगढ़ी पुलिस थाना के अधिकारियों द्वारा गिरफ्तार किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि रजा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया और अदालत के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया।वाल्मीकि समुदाय के सदस्यों ने आरोप लगाया कि रजा ने बार-बार उनके खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं और इससे पहले भी उसने हिंदू देवी-देवताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं।

घटना से आक्रोशित निवासी रविवार को नखासा इलाके में एक वाल्मीकि मंदिर में जमा हुए और गैस चौराहा पर सड़क को अवरुद्ध करने से पहले एक जुलूस निकाला।सड़क जाम करने की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम दहिया, नगर मजिस्ट्रेट विजय वर्धन तोमर और क्षेत्राधिकारा (नगर) दीपक चतुर्वेदी सहित वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए मौके पर पहुंचे।

पुलिस के मुताबिक अधिकारियों से आरोपी की गिरफ्तारी का आश्वासन मिलने के बाद प्रदर्शनकारियों ने जाम खोला।पुलिस के मुताबिक मोहल्ला नखासा निवासी हिमांशु नंदन की तहरीर पर आरोपी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर वसीम रजा के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया।

पुलिस ने बताया कि मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के कारण एहतियात के तौर पर मोहल्ला नखासा और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में पीएसी तथा अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया गया है।अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने जनता से शांति बनाए रखने और अफवाहों से गुमराह न होने की अपील की है।

संबंधित समाचार