नेपाल से लाई गई 5.753 किलो चरस के साथ दो अंतर्राष्ट्रीय तस्कर गिरफ्तार
थाना रसूलपुर और एएनटीएफ आगरा की संयुक्त टीम ने बरी चौराहे के पास से दो अंतर्राष्ट्रीय मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लगभग 40 लाख रुपये की 5 किलो 753 ग्राम चरस बरामद की है।
नेशनल एक्सप्रेस, फिरोजाबाद। थाना रसूलपुर और एएनटीएफ आगरा की संयुक्त टीम ने बरी चौराहे के पास से दो अंतर्राष्ट्रीय मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लगभग 40 लाख रुपये की 5 किलो 753 ग्राम चरस बरामद की है। दोनों आरोपी नेपाल से सस्ते दामों पर चरस लाकर कई गुना महंगे दामों पर बेचते थे।मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत फिरोजाबाद जिले में बड़ी कार्रवाई की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थाना रसूलपुर पुलिस और एएनटीएफ आगरा की संयुक्त टीम ने बरी चौराहा क्षेत्र से दो अंतर्राष्ट्रीय तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के पास से 5 किलो 753 ग्राम चरस बरामद की, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी नेपाल से सस्ते दामों में चरस खरीदकर भारत में 4 से 5 गुना महंगे रेट पर बेचते थे।
गिरफ्तारी के बाद आरोपियों के खिलाफ थाना रसूलपुर में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 8/20/29 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि नेपाल निवासी शेषनाथ नामक व्यक्ति उन्हें फोन पर माल की जानकारी देता था और फतेहाबाद रोड के नगला बरी चौराहे पर डिलीवरी तय होती थी, जहां से इसे फुटकर में बेचने की योजना थी। पुलिस अब इस अंतर्राष्ट्रीय तस्करी गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है और नेटवर्क की पूरी कड़ी खंगाली जा रही है।

