कांता होटल में भीषण अग्निकांड, लाखों का नुकसान
थाना उत्तर क्षेत्र स्थित कांता होटल में रविवार को अचानक आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया।
नेशनल एक्सप्रेस, फिरोजाबाद। थाना उत्तर क्षेत्र स्थित कांता होटल में रविवार को अचानक आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में होटल धुएं और लपटों से घिर गया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, होटल की ऊपरी मंजिल से धुआं उठता देख आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी।
देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। मौके पर पहुंची दमकल की कई गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग का संभावित कारण माना जा रहा है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।
थाना उत्तर पुलिस ने होटल मालिक व कर्मचारियों से पूछताछ शुरू कर दी है। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन कराया जा रहा है।स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि दमकल की टीम समय पर न पहुंचती तो आग आसपास की दुकानों और मकानों तक फैल सकती थी। फिलहाल, क्षेत्र में एहतियातन सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।

