खामेनेई की मौत के बाद पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने ‘‘अंतरराष्ट्रीय कानून के उल्लंघन’’ पर चिंता जताई
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने अमेरिका और इजराइल के संयुक्त हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के मारे जाने के बाद "अंतरराष्ट्रीय कानून के मानदंडों के उल्लंघन" पर रविवार को चिंता व्यक्त की।
इस्लामाबाद, भाषा। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने अमेरिका और इजराइल के संयुक्त हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के मारे जाने के बाद "अंतरराष्ट्रीय कानून के मानदंडों के उल्लंघन" पर रविवार को चिंता व्यक्त की। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, "पाकिस्तान सरकार और जनता ईरान के लोगों के साथ उनके दुख और शोक की घड़ी में शामिल है और अयातुल्ला सैयद अली खामेनेई की शहादत पर अपनी संवेदना व्यक्त करते हैं।"
उन्होंने "अंतरराष्ट्रीय कानून के मानदंडों के उल्लंघन" पर चिंता व्यक्त की। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह एक पुरानी परंपरा रही है कि राष्ट्राध्यक्षों और सरकार को निशाना नहीं बनाया जाना चा हिए। इसके अलावा, पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने एक बयान में "ईरान सरकार और वहां की जनता के प्रति संवेदना व्यक्त की।" उन्होंने कहा, "दुख की इस घड़ी में पाकिस्तान ईरान के साथ खड़ा है और उनके नुकसान में उनके साथ है।"
इस बीच, खामेनेई की मौत के बाद पाकिस्तान के विभिन्न शहरों में हिंसक झड़पों और आगजनी के दौरान कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई। पाकिस्तान के कराची में अमेरिकी वाणिज्य दूतावास के गेट तोड़कर अंदर घुसने की कोशिश कर रहे प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच रविवार को हुई झड़पों में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।

