केरल के मुख्यमंत्री विजयन ने 'द केरल स्टोरी 2' को 'धर्मनिरपेक्षता के लिए खतरा' बताया

नेशनल एक्सप्रेस डिजिटल डेस्क
On

केरल के मुख्यमंत्री पिनरायी विजयन ने बुधवार को 'द केरल स्टोरी' के दूसरे भाग की आगामी रिलीज पर चिंता व्यक्त करते हुए दावा किया।

तिरुवनंतपुरम, भाषा। केरल के मुख्यमंत्री पिनरायी विजयन ने बुधवार को 'द केरल स्टोरी' के दूसरे भाग की आगामी रिलीज पर चिंता व्यक्त करते हुए दावा किया कि इसका पहला भाग "राज्य के खिलाफ नफरत फैलाने और इसकी धर्मनिरपेक्ष परंपरा को कमजोर करने के इरादे से" बनाया गया था।

विजयन के कार्यालय द्वारा जारी एक बयान में उन्होंने यह सवाल भी उठाया कि "समाज में विभाजन और घृणा फैलाने के लिए बनाई गई जहरीली फिल्मों" को प्रदर्शित करने की अनुमति कैसे दी गई, जबकि 'बीफ' जैसी फिल्म को एक फिल्म महोत्सव में प्रतिबंधित कर दिया गया।

उन्होंने कहा कि संघ परिवार के केंद्रों ने 'द केरल स्टोरी' द्वारा प्रसारित झूठे विमर्श को और फैलाया।मुख्यमंत्री ने कहा, "वे आपसी सहमति से हुए विवाहों को भी सांप्रदायिकता और जबरन धर्मांतरण के उदाहरण के रूप में पेश करके झूठा प्रचार कर रहे हैं।"

उन्होंने आगे कहा, "यह हम में से प्रत्येक का दायित्व है कि हम यह सुनिश्चित करें कि केरल की धर्मनिरपेक्ष नींव झूठे प्रचार से कमजोर न हो और धर्मनिरपेक्षता और भाईचारे के मूल्यों को कायम रखते हुए हम इसे खारिज करें।"

Read More स्टालिन ने 1.31 करोड़ महिलाओं के खाते में पांच-पांच हजार रुपये सहायता राशि जमा करने की घोषणा की

संबंधित समाचार