ईडी ने अपने जालंधर क्षेत्रीय कार्यालय प्रमुख का तबादला चेन्नई किया
प्रवर्तन निदेशालय ने एजेंसी में फेरबदल करते हुए जालंधर क्षेत्रीय कार्यालय के प्रमुख का तबादला चेन्नई में कर दिया है।
चंडीगढ़, भाषा। प्रवर्तन निदेशालय ने एजेंसी में फेरबदल करते हुए जालंधर क्षेत्रीय कार्यालय के प्रमुख का तबादला चेन्नई में कर दिया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।ईडी के जालंधर कार्यालय अतिरिक्त निदेशक के पद पर भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) के 2009 बैच के अधिकारी रवि तिवारी पदस्थ हैं। उनके पदस्थ रहते ही जालंधर कार्यालय ने हाल ही में पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह और उनके बेटे रणिंदर सिंह को अघोषित विदेशी संपत्ति रखने के आरोप में फेमा के तहत समन जारी किया था।
ईडी अधिकारियों ने बताया कि तिवारी का तबादला चेन्नई जोन में किया गया है और यह एक नियमित प्रक्रिया है।सिंह पिता-पुत्र को गत सप्ताहांत ईडी के समक्ष पेश होना था लेकिन वे उपस्थित नहीं हुए।पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह (83) को घुटने के प्रतिरोपण के लिए मोहाली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रणिंदर सिंह ने 11 फरवरी को सोशल मीडिया पोस्ट में कहा था,‘‘कानून का पालन करने वाले नागरिक होने के नाते, हम हर जांच एजेंसी के साथ पूरा सहयोग करेंगे। हमें कानून के शासन में पूर्ण विश्वास है और हमें भरोसा है कि सत्य और न्याय की जीत होगी।’’ईडी का जालंधर कार्यालय पंजाब राज्य में मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े कई धनशोधन और हवाला मामलों की जांच कर रहा है।

