यमुना में लापता युवक का सातवें दिन मिला शव

नेशनल एक्सप्रेस डिजिटल डेस्क
On

नगला सिंघी क्षेत्र में यमुना घाट पर एक युवक का शव बरामद हुआ। सात दिन पहले वह सेल्फी लेते समय नदी में गिर गया था।

नेशनल एक्सप्रेस, फिरोजाबाद। नगला सिंघी क्षेत्र में यमुना घाट पर एक युवक का शव बरामद हुआ। सात दिन पहले वह सेल्फी लेते समय नदी में गिर गया था। परिजनों ने खोज में लापरवाही और अवैध मांग के आरोप लगाए हैं। फिरोजाबाद जनपद के नगला सिंघी थाना क्षेत्र स्थित गदलपुरा यमुना घोड़ी घाट पर एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान आगरा के कृष्णा विहार कॉलोनी, देवरी रोड निवासी राहुल वर्मा (20) पुत्र मुन्ना लाल के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, राहुल 14 जनवरी की सुबह करीब नौ बजे पड़ोसी जगवीर के साथ घर से निकला था। बाद में जगवीर ने बताया कि यमुना एक्सप्रेस-वे के पास सेल्फी लेते समय राहुल नदी में गिर गया। इसके बाद से राहुल लापता था।

परिवार ने पुलिस को सूचना देकर तलाश शुरू कराई, लेकिन कई दिनों तक कोई सुराग नहीं मिला। घटना के सातवें दिन राहुल का शव गदलपुरा घोड़ी घाट पर पानी में उतराता मिला। डौकी थाना क्षेत्र से तलाश कर रहे रिश्तेदारों ने शव की पहचान कर परिजनों को सूचना दी। मृतक के बड़े भाई अमित वर्मा ने पुलिस पर लापरवाही और पैसे मांगने के गंभीर आरोप लगाए हैं।

 उनका कहना है कि यदि समय रहते सही प्रयास किए जाते तो परिणाम अलग हो सकता था। परिजनों ने बताया कि नौ साल पहले राहुल का बड़ा भाई भी लापता हो गया था, जिसका आज तक पता नहीं चल सका। राहुल की नौ माह पहले ही शादी हुई थी। इस घटना के बाद उसकी पत्नी हेमलता और मां ओमवती की तबीयत बिगड़ गई है।

Read More मुरादाबाद : महिला की हत्या के 04 आरोपी गिरफ्तार, सुपारी लेकर घटना को दिया अंजाम 

संबंधित समाचार