कैंसर से जूझ रहे युवक ने फांसी लगाकर दी जान, परिवार में मचा कोहराम
थाना दक्षिण क्षेत्र में 35 वर्षीय युवक ने बीमारी और मानसिक तनाव से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू कर दी है।
नेशनल एक्सप्रेस, फिरोजाबाद। थाना दक्षिण क्षेत्र में 35 वर्षीय युवक ने बीमारी और मानसिक तनाव से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू कर दी है।फिरोजाबाद के थाना दक्षिण क्षेत्र स्थित अशर्फी नगर, हिमायूपुर में शनिवार रात एक हृदयविदारक घटना सामने आई। 35 वर्षीय रिंकू पुत्र गंगा राम ने अपने ही घर में फांसी लगाकर जीवन समाप्त कर लिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई।
परिजनों के मुताबिक रिंकू लंबे समय से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहा था। लगातार इलाज, बढ़ता आर्थिक बोझ और असहनीय शारीरिक पीड़ा के चलते वह मानसिक रूप से टूट चुका था। बताया गया कि उसकी गर्दन में कैंसर का फोड़ा था, जिसके ऑपरेशन की सलाह डॉक्टरों ने दी थी, लेकिन वह ऑपरेशन कराने को तैयार नहीं था। इसी तनाव और अवसाद में उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया।
सूचना पर थाना दक्षिण पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। पुलिस आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और ल इलाके में गमगीन माहौल बना हुआ है।

