जिलाधिकारी ने किया तहसील व नगर पंचायत जसराना का औचक निरीक्षण; लापरवाही पर दो कानूनगो को चार्जशीट के निर्देश"
मंगलवार को जिलाधिकारी रमेश रंजन ने अपर जिलाधिकारी विशु राजा के साथ मिलकर तहसील जसराना और नगर पंचायत क्षेत्र का सघन निरीक्षण किया।
नेशनल एक्सप्रेस ब्यूरो, फिरोजाबाद। मंगलवार को जिलाधिकारी रमेश रंजन ने अपर जिलाधिकारी विशु राजा के साथ मिलकर तहसील जसराना और नगर पंचायत क्षेत्र का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विकास कार्यों की गुणवत्ता और प्रशासनिक कार्यप्रणाली की समीक्षा की। तहसील जसराना का निरीक्षण कर जिलाधिकारी ने दिए निर्देश सर्वप्रथम जिलाधिकारी ने तहसील के विभिन्न पटलों का सूक्ष्मता से अवलोकन किया और राजस्व कार्यों की समीक्षा की।

जिसके पश्चात प्रशासनिक कार्यों में लापरवाही और वित्तीय लक्ष्यों को पूरा न करने पर कड़ा रुख अपनाते हुए दो रजिस्ट्रार-कानूनगो सुशील कुमार और नेत्रपाल सिंह को चार्जशीट देने के निर्देश दिए। साथ ही ई-परवाना नवीस अनुभाग में राजस्व वसूली लक्ष्य से कम पाए जाने पर उन्होंने संबंधित कर्मियों को चेतावनी दी और लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण के आदेश दिए।टीकतपुरा वार्ड नंबर 3 प्राचीन महादेव मंदिर निरीक्षण व निर्देश
जिलाधिकारी ने नगर पंचायत जसराना के टीकतपुरा वार्ड नंबर 3 स्थित प्राचीन महादेव मंदिर के पास चल रहे सौंदर्यीकरण और विकास कार्यों का जायजा लिया।उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि प्राचीन मंदिरों के जीर्णोद्धार और पर्यटन विकास से संबंधित कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए।नगर पंचायत जसराना की जांची व्यवस्थाएं
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी फिरोजाबाद ने नगर पंचायत क्षेत्र में साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सार्वजनिक सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने उप जिलाधिकारी जसराना को निर्देशित किया कि अधिकारियों और कर्मचारियों के बैठने के लिए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जनता की समस्याओं का समाधान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

