एशिया कप फाइनल में भारत की जीत के लिए हवन का किया आयोजन
रविवार को एशिया कप फाइनल में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मुकाबले से पहले भारतीय टीम की जीत के लिए फिरोजाबाद में हवन-पूजन का आयोजन किया गया।
फिरोजाबाद। रविवार को एशिया कप फाइनल में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मुकाबले से पहले भारतीय टीम की जीत के लिए फिरोजाबाद में हवन-पूजन का आयोजन किया गया। इस दौरान क्रिकेट प्रेमियों ने इस महत्वपूर्ण मुकाबले में टीम इंडिया की विजय की कामना की। यह हवन-पूजन क्रिकेट ग्राउंड में आयोजित किया गया, जहां प्रशंसकों ने भारतीय ध्वज (तिरंगे) और खिलाड़ियों की तस्वीरों के साथ अनुष्ठान किया। उन्होंने टीम इंडिया के लिए शक्ति और मनोबल बढ़ाने की प्रार्थना की।
इस दौरान विधि विधान से भगवान से भारतीय टीम की पाकिस्तान पर ऐतिहासिक जीत के लिए प्रार्थना की गई। देशभर में जहां क्रिकेट प्रेमी इस बहुप्रतीक्षित मुकाबले का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, वहीं फिरोजाबाद में आयोजित यह हवन कार्यक्रम भारतीय टीम को जीत दिलाने की प्रबल इच्छा को दर्शाता है। यह आयोजन प्रशंसकों के गहरे समर्थन और विश्वास को उजागर करता है। आयोजन में शामिल विकास पालीवाल ने बताया, "हमने यह हवन पूजन टीम इंडिया की जीत के लिए कराया है। टीम इंडिया का पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबला है। इस मैच में भारत विजयी हो, यही कामना की गई है।"

