ऊषा सिंह बनी थाने की कमान, महिलाओं में जागा आत्मविश्वास
जिले में महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में थाना फरिहा में एक प्रेरक और अनोखा कार्यक्रम आयोजित किया गया।
नेशनल एक्सप्रेस, फिरोजाबाद (रामपाल चौधरी)। जिले में महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में थाना फरिहा में एक प्रेरक और अनोखा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर श्री विद्याराम इंटर कॉलेज की कक्षा 12वीं की छात्रा कुमारी ऊषा सिंह को एक दिन के लिए थाना प्रभारी बनाया गया। थाना प्रभारी बनकर ऊषा सिंह ने थाने की पूरी कार्यप्रणाली का बारीकी से निरीक्षण किया।
उन्होंने सीसीटीएनएस/विवेचना कंप्यूटर कक्ष, माल खाना, साइबर हेल्पडेस्क, महिला हेल्पडेस्क, महिला सुरक्षा केन्द्र, मेस और बैरक का दौरा कर पुलिस की कार्यशैली को नजदीक से समझा। इसके बाद थाने पर आए फरियादियों की समस्याओं को सुना और तुरंत समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
छात्रा ऊषा ने कहा, “यह अनुभव मेरे लिए गर्व और आत्मविश्वास से भरा रहा। भविष्य में मैं समाज की सेवा करते हुए महिलाओं के हक और सम्मान के लिए काम करना चाहती हूं।” उन्होंने मिशन शक्ति के तीन मुख्य स्तंभ – नारी सुरक्षा, नारी स्वावलंबन और नारी सम्मान – को रेखांकित करते हुए कहा कि इस तरह की पहल से महिलाओं में आत्मविश्वास जागृत होगा और वे समाज में अग्रणी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित होंगी।

