सचिव ने लगाया गाली गलौज एवं पिटाई लगाने का आरोप
थाना जसराना के गांव नगला तुर्सी निवासी रामसेवक सलेमपुर में मौजूद साधन सहकारी समिति पर सचिव के रुप में तैनात हैं।
नेशनल एक्सप्रेस, छुट्टन खान (जसराना)। थाना क्षेत्र के गांव सलेमपुर में मौजूद साधन सहकारी समिति पर तैनात सचिव ने चार युवकों पर सरकारी कार्य में बाधा डालने के साथ ही पिटाई लगाने एवं गाली गलौज करने का आरोप लगाया है। सचिव की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी है।थाना जसराना के गांव नगला तुर्सी निवासी रामसेवक सलेमपुर में मौजूद साधन सहकारी समिति पर सचिव के रुप में तैनात हैं।
मंगलवार को वह यूरिया का वितरण कर रहे थे। तभी एक ग्रामीण यूरिया लेने आया। सचिव ने उसे आठ बोरी यूरिया की दे दी। इसी बात को लेकर समिति पर कार्य करने वाले युवक से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ा तो दोनों तरफ से गाली गलौज होने लगी। आरोप है कि इस दौरान किसान ने गांव में सूचना दे दी। सूचना मिलने पर भम्पी, मानिक चंद्र, नेमी, अवनीश आए और अभिलेखों को नुकसान पहुंचाने के साथ सचिव के साथ युवक की पिटाई लगाते हुए गाली गलौज करने लगे।
आरोप है कि इस दौरान सचिव के पास मौजूद रुपयों से भरा बैग भी छीनने की कोशिश की। चीख पुकार मचने पर अन्य लोगों द्वारा बीच बचाव करने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। पीडित ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले से अवगत कराते हुए तहरीर दी। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।

