नीम के पेड़ से लटका मिला युवक का शव, गांव में मचा हड़कंप
नारखी थाना क्षेत्र के गांव गढ़ी छत्रपति में बुधवार को एक युवक का शव नीम के पेड़ से लटका मिला।
नेशनल एक्सप्रेस, फिरोजाबाद। नारखी थाना क्षेत्र के गांव गढ़ी छत्रपति में बुधवार को एक युवक का शव नीम के पेड़ से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत के कारणों की जांच जारी है।फिरोजाबाद जनपद के थाना नारखी क्षेत्र अंतर्गत गांव गढ़ी छत्रपति में बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गांव के बाहर स्थित एक नीम के पेड़ पर युवक का शव लटका दिखाई दिया।
ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर शिनाख्त की, जो आधार कार्ड के आधार पर पुष्पेंद्र शर्मा (30 वर्ष) पुत्र देवेंद्र प्रसाद शर्मा, निवासी गढ़ी छत्रपति के रूप में हुई। पहचान होने के बाद पुलिस ने परिजनों को सूचित किया। मृतक के बड़े भाई धर्मेंद्र शर्मा ने बताया कि पुष्पेंद्र बीते तीन-चार वर्षों से नोएडा में नौकरी करता था
परिवार को उसके गांव आने की जानकारी नहीं थी।बुधवार सुबह गांव में शव मिलने की खबर से उन्हें इस घटना का पता चला। परिजनों के मुताबिक पुष्पेंद्र किसी से विवाद में नहीं था और उसने कभी किसी तरह की परेशानी का जिक्र भी नहीं किया था। ऐसे में उसकी मौत को लेकर परिवार असमंजस में है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

