पुलिस सुविधाओं का विस्तार: परिवार परामर्श केंद्र, यातायात लाइन्स और नया थाना दक्षिण शुरू
जनपद पुलिस कार्यालय में नवनिर्मित परिवार परामर्श केंद्र और यातायात लाइन्स का उद्घाटन किया गया।
नेशनल एक्सप्रेस, फिरोजाबाद। जनपद पुलिस कार्यालय में नवनिर्मित परिवार परामर्श केंद्र और यातायात लाइन्स का उद्घाटन किया गया। साथ ही थाना दक्षिण का नया भवन भी जनता को समर्पित किया गया, जिससे पुलिस व्यवस्था अधिक आधुनिक और जन-सुविधाजनक बनेगी।आगरा जोन की अपर पुलिस महानिदेशक अनुपमा कुलश्रेष्ठ ने मंगलवार को पुलिस कार्यालय में नवनिर्मित परिवार परामर्श केंद्र और यातायात लाइन्स का लोकार्पण किया।

इस दौरान आगरा रेंज के डीआईजी शैलेश कुमार पांडेय और एसएसपी सौरभ दीक्षित मौजूद रहे। एडीजी ने बताया कि परिवार परामर्श केंद्र में घरेलू विवादों को बातचीत और काउंसलिंग के जरिए सुलझाया जाएगा, ताकि परिवार टूटने से बचें और महिलाओं व बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित हो। इसी दिन थाना दक्षिण के नवनिर्मित भवन का भी उद्घाटन किया गया।
नए भवन में मिशन शक्ति कार्यालय, शस्त्रागार, अधिकारियों-कर्मचारियों के कक्ष और आगंतुकों के लिए बैठक कक्ष जैसी आधुनिक सुविधाएं हैं।अधिकारियों ने कहा कि इन नई सुविधाओं से पुलिस व्यवस्था अधिक मजबूत, पारदर्शी और जनता के लिए सुविधाजनक बनेगी।

