अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर वृद्धजनों का सम्मान

बुधवार को अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री एवं सदर विधायक श्रीमती प्रतिभा शुक्ला नगर पंचायत रनिया के बजरंग नगर स्थित वृद्धा आश्रम पहुँचीं।
कानपुर देहात। बुधवार को अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री एवं सदर विधायक श्रीमती प्रतिभा शुक्ला नगर पंचायत रनिया के बजरंग नगर स्थित वृद्धा आश्रम पहुँचीं। यहाँ उन्होंने आश्रम में निवास कर रहे वरिष्ठ नागरिकों का माल्यार्पण एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया। इस दौरान वृद्धजनों को फल एवं मिष्ठान वितरण किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी वृद्धजन सम्मान पाकर भावुक हो उठे और उन्होंने राज्यमंत्री को आशीर्वाद दिया। वृद्धा आश्रम में वर्तमान समय में करीब 139 वृद्धजन निवासरत हैं।
राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने आश्रम का गहन निरीक्षण कर वहाँ की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने आश्रम परिसर की साफ-सफाई, भोजन व्यवस्था और रहने की सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वृद्धजनों की सेवा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और उन्हें घर जैसा वातावरण मिलना चाहिए। राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने वृद्धा आश्रम में आयोजित स्वास्थ्य शिविर का भी अवलोकन किया। इस स्वास्थ्य शिविर में आश्रम में रह रहे वृद्धजनों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की गई।
उन्होंने चिकित्सकों एवं कर्मचारियों से शिविर की कार्यप्रणाली की जानकारी ली और स्वास्थ्य सुविधाओं को और अधिक बेहतर बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि वृद्धावस्था में स्वास्थ्य ही सबसे बड़ी पूँजी है और सरकार द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए अनेक योजनाएँ संचालित की जा रही हैं। वृद्धजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए राज्यमंत्री ने अपनी विधायक निधि से वृद्धा आश्रम के लिए एक ई-रिक्शा उपलब्ध कराने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह ई-रिक्शा वृद्धजनों के आवागमन के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा, जिससे उन्हें दैनिक कार्यों एवं चिकित्सकीय परामर्श हेतु बाहर जाने में सहूलियत होगी।
अपने संबोधन में राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि वृद्धजन हमारे समाज की धरोहर हैं और उनका सम्मान करना हर नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि राज्य व केंद्र सरकार निरंतर वरिष्ठ नागरिकों के सुख-सुविधा, सुरक्षा और देखभाल के लिए कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मूल मंत्र के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने वृद्धजनों को समाज का आधार स्तंभ बताते हुए कहा कि उनके अनुभव और मार्गदर्शन से नई पीढ़ी को प्रेरणा मिलती है।
राज्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वृद्धा आश्रम में किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो और समय-समय पर उनकी आवश्यकताओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। इस दौरान राजेंद्र सिंह चौहान, समाज कल्याण अधिकारी गीता सिंह, एसडीएम अकबरपुर नीलिमा यादव, रनिया थाना प्रभारी शिवनारायण सिंह, महेश तिवारी, धर्मेंद्र कुशवाहा, संजय पांडेय, अरुण शर्मा, विवेक शर्मा, अभिषेक शर्मा, शिवम तिवारी, भारत सिंह यादव आदि मौजूद रहे।