महिला हेड कांस्टेबल की शिकायत के मामले में एसपी ग्रामीण ने कहा मुकदमा दर्ज कर की जा रही जांच महिला पुरुष कर्मचारी ही नहीं सुरक्षित
जिले में महिला सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। यहां एक महिला पुलिस कांस्टेबल के निजी वीडियो वायरल किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
नेशनल एक्सप्रेस, मुरादाबाद। जिले में महिला सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। यहां एक महिला पुलिस कांस्टेबल के निजी वीडियो वायरल किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता ने चार लोगों के खिलाफ रंगदारी मांगने, निजी वीडियो वायरल करने और परिजनों को जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है।
यह मामला कांठ थाना क्षेत्र का है।पीड़ित महिला कांस्टेबल कांठ थाना क्षेत्र की रहने वाली हैं और वर्तमान में गाजियाबाद जनपद में तैनात हैं। उन्होंने कांठ थाने में दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि उनके एक दोस्त ने उनकी निजी वीडियो बना ली और बाद में अन्य साथियों के साथ मिलकर उन्हें वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होने के कारण उनकी शादी भी टूट गई, जिससे उन्हें मानसिक और सामाजिक रूप से गहरा आघात पहुंचा है।
आरोपियों द्वारा लगातार पैसे की मांग की जा रही थी और विरोध करने पर जान से मारने की धमकियां दी जा रही थीं।मामले में एसपी ग्रामीण कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि महिला कांस्टेबल की तहरीर के आधार पर चार नामजद आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है।
सभी आरोपी जनपद बिजनौर के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस द्वारा साक्ष्य संकलन की कार्रवाई की जा रही है और पूरे मामले की गहन विवेचना कराई जा रही है। विवेचना में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

