मोरक्को में मार्टा तूफान के कारण आई भीषण बाढ़ से चार की मौत
उत्तरी मोरक्को में अचानक आई बाढ़ के कारण कम से कम चार लोगों की मौत हो गई। स्थानीय अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
रबात, (मोरक्को) भाषा। उत्तरी मोरक्को में अचानक आई बाढ़ के कारण कम से कम चार लोगों की मौत हो गई। स्थानीय अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि पिछले कई दिनों से यहां भारी बारिश और लबालब भर चुके बांधों से पानी छोड़े जाने के कारण बाढ़ के हालात बने हुए हैं। ऐसे में लोगों को निकालने के लिए व्यापक स्तर पर बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
गृह मंत्रालय की तरफ से जारी एक बयान में बताया गया कि राजधानी रबात से करीब 270 किमी दूर स्थित ततुआन गांव में एक कार के बहने से तीन नाबालिगों और 30 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई।बयान के मुताबिक, नाबालिगों में एक लड़की और दो लड़के शामिल हैं और इनकी उम्र दो से 14 वर्ष के बीच है। वहीं एक व्यक्ति अब भी लापता है।
स्थानीय अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस घटना की जांच शुरु की जाएगी।मोरक्को के मौसम विज्ञान विभाग के अधिकारी हुसैन युवाबेद ने ‘एसोसिएटेड प्रेस’ (एपी) को बताया कि इस बाढ़ का कारण सप्ताहांत में आया ‘मार्टा’ तूफान है,जिसकी वजह से उत्तरी शहरों में 92 मिमी से अधिक बारिश हुई है।
साथ ही अब मार्टा तूफान पड़ोसी देश स्पेन और पुर्तगाल में पहुंच गया है।अधिकारियों ने बताया कि खराब मौसम के चलते मोरक्को के लिए कम से कम एक साल के पीने के पानी की आपूर्ति सुनिश्चित हो गई है और देश के महत्वपूर्ण कृषि क्षेत्र के संसाधनों में भी वृद्धि हुई है, जिससे कई वर्षों से पड़ रहे सूखे केबाद राहत मिली है।

