‘एआई समिट’ में युवा कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन ने भारत की छवि धूमिल की : सावंत
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने दिल्ली में ‘एआई समिट’ में युवा कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस और विपक्ष के नेता राहुल गांधी की आलोचना करते हुए।
पणजी, भाषा। गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने दिल्ली में ‘एआई समिट’ में युवा कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस और विपक्ष के नेता राहुल गांधी की आलोचना करते हुए शनिवार को कहा कि इस तरह के कृत्य ‘‘राजनीतिक लापरवाही’’ के समान हैं तथा देश की छवि को धूमिल करते हैं।भारतीय युवा कांग्रेस (आईवाईसी) के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ के एक प्रदर्शनी हॉल में नाटकीय ढंग से ‘कमीज उतारकर विरोध’ प्रदर्शन किया।
उन्होंने सरकार और भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के खिलाफ नारे वाली टी-शर्ट पकड़ी हुई थी, जिसके बाद कार्यक्रम स्थल पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें वहां से हटा दिया।सावंत ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि जब भारत अपनी प्रौद्योगिकी क्षमताओं और आत्मविश्वास को प्रदर्शित करने के लिए एक वैश्विक शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है, तो ऐसे समय में इस प्रक्रिया में बाधा पहुंचाना अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश की विश्वसनीयता को कमजोर करता है।
उन्होंने कहा, ‘‘इस तरह के नाटक भारत की छवि को धूमिल करते हैं, हमारे वैज्ञानिकों, स्टार्टअप और युवाओं के काम से ध्यान भटकाते हैं तथा वैश्विक मंच पर हमारी विश्वसनीयता को कमजोर करते हैं।’’उन्होंने कहा कि हालांकि विपक्ष को लोकतंत्र में मुद्दे उठाने का पूरा अधिकार है, लेकिन उसे ऐसा राष्ट्र की गरिमा की कीमत पर नहीं करना चाहिए।कांग्रेस नेतृत्व पर निशाना साधते हुए सावंत ने कहा, ‘‘भारत परिपक्व राजनीति, जिम्मेदार नेतृत्व और राष्ट्रीय मंचों के प्रति सम्मान का हकदार है।’’

