अयोध्या दर्शन को जा रहे बुजुर्ग श्रद्धालु का वंदे भारत ट्रेन में निधन, टूंडला स्टेशन पर उतारा शव

नेशनल एक्सप्रेस डिजिटल डेस्क
On

अयोध्या में प्रभु श्रीराम के दर्शन को निकले एक बुजुर्ग श्रद्धालु की शनिवार को वंदे भारत एक्सप्रेस में हृदयगति रुकने से मृत्यु हो गई।

नेशनल एक्सप्रेस, टूंडला। अयोध्या में प्रभु श्रीराम के दर्शन को निकले एक बुजुर्ग श्रद्धालु की शनिवार को वंदे भारत एक्सप्रेस में हृदयगति रुकने से मृत्यु हो गई। इस दुखद घटना के बाद आनन-फानन में नॉन-स्टॉप टूंडला स्टेशन पर ट्रेन को रोककर शव को नीचे उतारा गया। जानकारी करने पर बताया गया कि मृतक की पहचान 79 वर्षीय नरसिंह देव शर्मा के रूप में हुई है।

वे मूल रूप से मेरठ के पक्का खेड़ा के निवासी थे और वर्तमान में गाजियाबाद के वसुंधरा इलाके में अपने परिवार के साथ रह रहे थे। नरसिंह देव अपने बेटे मोहित शर्मा, पुत्रवधू मीनाक्षी शर्मा, नातिनी कनिष्क और पोते पार्थ शर्मा के साथ रामलला के दर्शन करने के लिए अयोध्या जा रहे थे। तभी सफर के दौरान अचानक नरसिंह देव की तबीयत खराब हो गई और वे अचेत हो गए।

ट्रेन में मौजूद स्टाफ और परिजनों ने मदद की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी। घटना की जानकारी रेलवे अधिकारियों को दी गई। चूंकि वंदे भारत एक्सप्रेस का टूंडला में स्टॉपेज नहीं है, लेकिन स्थिति की गंभीरता और मानवीय आधार पर ट्रेन को आपातकालीन रूप से टूंडला स्टेशन पर रोका गया।

 रेलवे पुलिस और डॉक्टर की मौजूदगी में शव को ट्रेन से उतारा गया और आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की गई। वहीं घटना के बाद परिवार में शोक की लहर छा गई क्योंकि जिस यात्रा को लेकर परिवार उत्साहित था, वह रास्ते में ही मातम में बदल गई।

Read More दिव्यांगजनों के लिए मोबाइल कोर्ट का हुआ आयोजन

संबंधित समाचार